1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई गतिविधि

अपहरण की जाँच करेगी अपराध शाखा

जोहान्सबर्ग
ND

दक्षिण अफ्रीका में एक भारतीय नागरिक के अपहरण के मामले को देश में ‘हाक्स’ के नाम से चर्चित डायरेक्टोरेट फॉर प्रायोरिटी क्राइम इन्वेस्टीगेशन (डीपीसीआई) को सौंप दिया गया है।

भारतीय दूतावास ने बताया कि केरल के सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे निधिन बेबी (28) का जोहान्सबर्ग से प्रिटोरिया स्थित अपने घर जाते समय कथित रूप से अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया।

निधिन ने अपने पिता बेबी कालेप्परा को रात दो बजे फोन कर अपने अपहरण की जानकारी दी। उसने कहा कि यदि फिरौती की रकम नहीं सौंपी गई तो उसकी जान को खतरा है।

प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि निधिन प्रिटोरिया में एक रेस्टॉरेंट का मालिक है लेकिन भारतीय उच्चायोग ने बताया कि उसकी एक भारतीय रेस्त्राँ मालिक से केवल ‘जान पहचान’ थी। निधिन के पिता ने अपहरणकर्ताओं की चेतावनी को नकारते हुए भारत के प्रवासी मामलों के मंत्री वायलार रवि, केरल के मुख्यमंत्री और भारतीय उच्चायोग से संपर्क कर तुरंत हस्तक्षेप का अनुरोध किया था। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें