1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई गतिविधि

19 भारतीयों पर धोखाधड़ी का आरोप

स्वास्थ्य सेवा
ND

अमेरिका की संघीय ग्रैंड ज्यूरी ने स्वास्थ्य सेवा एवं दवा वितरण योजना में अरबों डॉलर के धोखाधड़ी मामले में संलिप्तता को लेकर 19 भारतीय समेत 26 लोगों पर मेडिकएड और अन्य निजी बीमा कंपनियों के पास झूठे दावे दायर करने के आरोप तय किए हैं।

अमेरिकी अटार्नी बारबारा मैकक्आदे ने घोषणा की कि ड्रेटायट में संघीय ग्रैंड ज्यूरी ने डॉक्टरों और मनोचिकित्सकों समेत 26 लोगों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। भारतीय मूल के एक फार्मासिस्ट पर इस साजिश को रचने का आरोप लगाया गया है।

धोखाधड़ी के 34 मामलों में दोषी ठहराये गए 49 वर्षीय फार्मासिस्ट बाबूभाई पटेल करीब 26 दवा दुकानों का मालिक या नियंत्रक है। उसने पटेल फार्मेसी के नाम से चलाई जा रही कई दुकानों के स्वामित्व और नियंत्रण को गुप्त रखा था।
आरोप पत्र में आरोप लगाया गया है कि पटेल ने डॉक्टरों को कमिशन, रिश्वत और अन्य लालच दिया ताकि वे मेडिकेयर, मेडिकएड और निजी कंपनियों से बीमित मरीजों को ऐसे नुस्खे लिखे जिससे वे बीमा के दायरे में आए तथा उन्हें निर्देश दे कि वे पटेल फार्मेसी से दवा खरीदें।

विशेष एजेंट और डेट्रायट के दवा प्रवर्तन प्रशासन विभाग के प्रभारी राबर्ट कोर्सो ने कहा, ‘आज की गिरफ्तारी और अभियोग में लगाए गए आरोप मिशिगन राज्य में अब तक के सबसे बड़े साजिशों में से एक पर प्रकाश डालता है।’ उन्होंने कहा, ‘इन लोगों ने दक्षिण पूर्व मिशिगन और उसके बाहर अपने विश्वास के पद का दुरूपयोग किया और असंख्य लोगों को अवैध रूप से अफीम मिली दर्द निवारक दवा और अवसाद की दवा की 60 लाख खुराक देकर उनके जीवन को खतरे में डाला।’ (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें