• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली (भाषा) , शुक्रवार, 21 दिसंबर 2007 (22:35 IST)

संपूर्ण स्त्री थीं तेजी बच्चन-भारती

संपूर्ण स्त्री थीं तेजी बच्चन-भारती -
बच्चन परिवार की नजदीकी मित्र पुष्पा भारती ने तेजी बच्चन को सम्पूर्ण स्त्री बताते हुए कहा कि न केवल वह साहित्य में रुचि लेती थीं बल्कि स्वयं उनकी लेखनी में अद्भुत ताकत थी। मगर परिवारिक दायित्वों के चलते उन्होंने कभी स्वयं को प्रोजेक्ट नहीं किया।

लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकार धर्मवीर भारती की पत्नी पुष्पा भारती ने मुंबई से फोन पर बताया उनके निधन के बाद मैं स्वयं को काफी अकेला, अनाथ और असहाय महसूस कर रही हूँ। इलाहाबाद में हमारे परिवार के बीच साहित्यिक नाते थे, लेकिन मुंबई आने के बाद हम पारिवारिक मित्र हो गए।

उन्होंने बताया तेजी बच्चन दोस्त बनाने में काफी सतर्क रहती थीं, लेकिन एक बार अपना बना लेने के बाद उनके दोस्त उनके परिवार के सदस्य हो जाते थे। वह अपने दोस्तों के सुख-दुख को अपना सुख-दुख समझती थीं।

पुष्पा ने बताया मनोविज्ञान की प्रोफेसर रहीं तेजी बच्चन की साहित्य में रुचि थी और वे युवा साहित्यकारों को प्रोत्साहित करती थीं। उनके लिखे पत्र आज भी मेरे पास रखे हैं। उन्हें पढ़ने से पता चलता है कि उनकी भाषा में अद्‍भुत लालित्य था।

उन्होंने बताया कि तेजी बच्चन को एक्टिंग और गाने का शौक था। साहित्यकारों के प्रति आदर का भाव रहता था। वे सही मायने में संपूर्ण स्त्री की प्रतिमूर्ति थीं।