गुरुवार, 3 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By WD

शास्त्रीय संगीत के बेताज बादशाह हैं पंडितजी

पंडित भीमसेन जोशी
ख्यात शास्त्रीय गायिका पद्‍मश्री पद्‍मजा फेणाणी जोगलेकर ने पंडित भीमसेन जोशी को भारत रत्न दिए जाने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि पंडितजी शास्त्रीय संगीत के बेताज बादशाह हैं और उन्हें यह सम्मान बहुत पहले मिल जाना चाहिए था।

सुश्री पद्‍मजा ने वेबदुनिया से बातचीत में कहा कि पंडित जोशी ने अपार कष्ट झेलकर स्वरों का महल खड़ा किया है। संगीत साधना के लिए उन्होंने बचपन में ही घर छोड़ दिया था। सवाई गंधर्व समेत कई गुरुओं के सान्निध्य में उन्होंने कठोर कला साधना की।

उन्होंने कहा कि पंडितजी का स्वर सुनकर दिव्यता का अनुभव होता है। मुझे भी कुछ समय पूर्व उन्हें सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। यह उनका आखिरी कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि पंडित जोशी को भारत रत्न देने की घोषणा से इस सम्मान का ही सम्मान बढ़ा है।

उल्लेखनीय है कि सुश्री पद्‍मजा भारत ख्यात शास्त्रीय गायिकाओं में से एक हैं और उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की कविताओं को स्वर दिया है।