• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 12 जुलाई 2014 (22:33 IST)

उत्तर भारत में गर्म हवाओं का कहर बरकरार

मौसम विभाग
FILE
नई दिल्ली। पारे के सामान्य से कई डिग्री ऊपर जाने के साथ उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्म एवं उमसभरा मौसम बना रहा।

उत्तरप्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई लेकिन क्षेत्र के बाकी हिस्सों से बारिश दूर रही। दिल्ली में गर्मी और उमसभरा मौसम बना रहा। दिन का तापमान मामूली रूप से बढ़कर 42.3 डिग्री सेल्सियस हो गया जिससे लोग परेशान रहे। यह तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं आर्द्रता का स्तर 35 से 72 प्रतिशत के बीच घटता-बढ़ता रहा। दिल्ली में सोमवार को मानसून के लौटने का अनुमान लगाया है। पंजाब एवं हरियाणा में भी गर्मी और उमस बनी रही और अधिकतर जगहों पर तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार 43.5 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ हिसार क्षेत्र में सबसे गर्म जगह रही। इसके बाद अम्बाला, भिवानी, करनाल और नरनौल में अधिकतम तापमान क्रमश: 39, 42.6, 39 और 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं केंद्रशासित क्षेत्र चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। पंजाब में अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 41.2, 39.7 और 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)