1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update : heavy rain in delhi, monsoon break in many states
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 9 अगस्त 2025 (09:07 IST)

रक्षाबंधन पर भारी बारिश से दिल्ली पानी पानी, कई राज्यों में मानसून ब्रेक

delhi rain
Weather Update : रक्षाबंधन के दिन दिल्ली में भारी बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज शहर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कई राज्यों में मानसून ब्रेक की स्थिति बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र बनने के बाद ही यहां मानसून ब्रेक से राहत मिलेगी।
 
मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से देश के बड़े हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर हो गया है। ‘ब्रेक-इन-मॉनसून’ की स्थिति ने उन इलाकों में भी बारिश कम कर दी है, जहां इस समय इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है। उत्तरी, पश्चिमी, मध्य और कुछ दक्षिणी हिस्सों में सामान्य मानसून गतिविधि फिलहाल ठप है।
 
12 अगस्त को एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने के आसार हैं, जो 13 अगस्त तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में मजबूत होगा। 14 अगस्त को यह कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इस सिस्टम के बनने के साथ ही पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। मानसून ट्रफ से जुड़ने के बाद इसका असर और विस्तार होगा, जिससे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कोंकण व गोवा में जोरदार मानसून बारिश लौटेगी।
 
दिल्ली में जनजीवन प्रभावित : भारी बारिश की वजह से दिल्ली में सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। रातभर हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर पानी हुआ है, कई जगह ट्रैफिक जाम की खबर है। 100 से ज्यादा उड़ाने समय से लेट है। हथिनी कुंड बैराज से 21,034 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि वजीराबाद बैराज से 41,830 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस वजह से यमुना खतरे के निशान के करीब है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान जताया। 
 
मराठवाड़ा में राहत की बारिश : मराठवाड़ा के सूखा प्रभावित इलाके के कम से कम 16 राजस्व मंडलों में पिछले 24 घंटों के दौरान 65 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक वर्षा हुई है। हिंगोली और परभणी जिले के पांच-पांच, जबकि नांदेड के छह मंडलों में अधिक बारिश दर्ज की गई। नांदेड जिले में सबसे अधिक बारिश तरोड़ा मंडल में 103.2 मिमी, परभणी जिले में अड़गांव मंडल में 107 मिमी और हिंगोली जिले में वाकोड़ी मंडल में 115.75 मिमी दर्ज की गई। मराठवाड़ा के 8 जिलों में औसतन 285 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
 
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम : मौसम केंद्र ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के अधिकतर भागों में आगामी एक सप्ताह बारिश की गतिविधियों में कमी रहेगी और उत्तर-पश्चिमी भागों में रविवार से कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में भी आगामी एक सप्ताह बारिश की गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है। हालांकि शनिवार से उत्तर-पूर्वी भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और शनिवार से मंगलवार तक भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर एवं जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
गाजा पर इसराइल के सैन्य कब्जे से टकराव में होगी खतरनाक वृद्धि : गुटेरेश