शुक्रवार, 5 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather forecast update today imd dense fog cold wave alerts in india many states
Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 7 जनवरी 2024 (19:10 IST)

Weather Update : देश के कई राज्यों में ठंड-कोहरे और शीतलहर का ट्रिपल अटैक, नड्डा का जम्मू-कश्मीर दौरा रद्द

Cold wave
weather forecast  : देश के कई राज्यों में भयंकर ठंड और कोहरे की चपेट में है। ठंड और कोहरे के कारण कई राज्यों में विजिबिलिटी भी कम हुई, विजिबिलिटी होने के कारण ट्रेनों और उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है।  दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश, राजस्‍थान, पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है। दिल्‍ली में कड़ाके की ठंड के साथ शीतलहर ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। 
 
उत्‍तर भारत के कुछ राज्‍यों में कई स्थानों पर कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही. शीतलहर ने भी लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा का रविवार को जम्मू का निर्धारित दौरा ‘खराब मौसम’ के कारण रद्द कर दिया गया।
 
दिल्ली में बारिश की संभावना : दिल्‍ली में आज न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, सुबह 8.30 बजे आर्द्रता का स्तर 79 फीसदी दर्ज किया गया। आईएमडी का अनुमान है कि आने वाले सप्ताह में दिल्‍ली में मध्यम कोहरा रहेगा। 9 जनवरी को बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में शीत लहर की स्थिति को देखते हुए सभी स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों के लिए शीतकालीन अवकाश 12 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने रविवार को यह जानकारी दी।
दृश्यता कम : पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी ठंड की स्थिति बनी रही, जबकि सुबह के समय कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता बाधित रही।
 
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में अमृतसर कड़ाके की ठंड की चपेट में है, जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में भी रात सर्द रही, जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.5 डिग्री सेल्सियस, सात डिग्री सेल्सियस, 6.2 डिग्री सेल्सियस, सात डिग्री सेल्सियस, सात डिग्री सेल्सियस और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में आज सुबह कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
अंबाला, नारनौल, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.5 डिग्री सेल्सियस, 7.9 डिग्री सेल्सियस, 8.1 डिग्री सेल्सियस और 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
मप्र में तीन दिनों तक राहत नहीं : नव वर्ष की शुरूआत से मध्यप्रदेश में ठंड और कोहरा का जो दौर प्रारंभ हुआ, वह थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान समूचा प्रदेश ठंड और कोहरे की आगोश में रहा। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। अगले तीन दिनों तक इससे राहत की उम्मीद नहीं है।
 
यादव ने बताया कि कल 8 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ और आ रहा, जिससे अगले तीन दिनों का बारिश और ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। इसका सबसे अधिक असर प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से रहेगा, जिससे बारिश की उम्मीद जतायी जा रही है। 11 जनवरी से मौसम के साफ होने की संभावना है। इसके बाद धूप खिल सकती है, जिससे ठंड से हल्की राहत की उम्मीद है।
 
नड्डा का जम्मू दौरा रद्द : भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रविंदर रैना ने खराब दृश्यता के कारण जम्मू हवाई अड्डे पर नड्डा की उड़ान के उतरने में नाकाम रहने के बाद उनका जम्मू दौरा रद्द होने की पुष्टि की।
 
नड्डा एक दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचने वाले थे। वह यहां ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पार्टी के नेताओं के साथ अगले लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा करने वाले थे।
 
हवाई अड्डे पर मौजूद रैना ने बताया, ‘‘हवाई अड्डे पर खराब दृश्यता के कारण भाजपा अध्यक्ष को जम्मू दौरा रद्द करना पड़ा। हालांकि, वह जल्द ही डिजिटल माध्यम से वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।’’
 
रैना ने रघुनाथ मंदिर में भी जाकर इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं को नड्डा का दौरा रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को सलाम करता हूं, जो खराब मौसम के बावजूद पार्टी अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे और ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में पहुंचे।’’
 
उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन बाद में दौरा रद्द होने की सूचना मिलने पर वे निराश होकर लौट गये।  Edited By : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
रिलायंस अगले सप्ताह ब्रुकफील्ड के साथ मिलकर चेन्नई में खोलेगी डेटा सेंटर : मुकेश अंबानी