भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान गिराए गए 7 जेट विमान, डोनाल्ड ट्रंप का दावा- न्यूक्लियर वॉर को मैंने टलवाया
भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर बड़े दावे किए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और पाकिस्तान की लड़ाई एक समय परमाणु युद्ध के स्तर तक पहुंच चुकी थी। इस दौरान 7 जेट विमानों को मार गिराया गया था और हालात बेहद गंभीर थे। उन्होंने दावा किया कि अगर वे न होते तो हालात और बिगड़ जाते।
कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि मैंने 7 युद्ध रोक दिए जो चल रहे थे, जिनमें भारत और पाकिस्तान भी शामिल हैं, जो परमाणु युद्ध बनने से शायद 2 हफ़्ते दूर थे। वे हर जगह हवाई जहाज़ गिरा रहे थे। मुझे इस पर बहुत गर्व है।
इसके अलावा उन्होंने ईरान पर की गई बमबारी को भी अपनी बड़ी उपलब्धि बताया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह ऑपरेशन बिल्कुल दोषरहित था, जिसमें 52 टैंकर और कई F-22 तथा B-2 बमवर्षक विमानों का इस्तेमाल हुआ था। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इस कार्रवाई से ईरान की परमाणु ताकत को कमजोर किया और अपनी सुरक्षा को मजबूत बनाया।
यह पूछे जाने पर कि क्या रूसी और यूक्रेनी राष्ट्रपतियों की मुलाकात न होने पर इसके गंभीर परिणाम होंगे, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इसके गंभीर परिणाम होंगे। अगर मैं राष्ट्रपति होता तो यह युद्ध कभी नहीं होता। हम देखेंगे कि अगले एक-दो हफ्तों में क्या होता है और उस समय मैं बहुत मजबूती से हस्तक्षेप करूंगा।
टैरिफ के दबाव में रुकवाए युद्ध
डोनाल्ड ट्रंप ने आर्थिक नीतियों पर भी जोर दिया और कहा कि उन्होंने टैरिफ की ताकत का इस्तेमाल कर कई युद्धों को रोका। ट्रंप के मुताबिक किसी को अंदाजा नहीं था कि सिर्फ टैरिफ के जरिए दुश्मन देशों को दबाव में लाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि इस नीति से अमेरिका को खरबों डॉलर का राजस्व मिला और इससे देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत हुई। ट्रंप ने इसे अपनी रणनीति का सबसे सफल हथियार बताया। इसके जरिए उन्होंने अमेरिका को बिना सैनिकों को युद्ध में झोंके आर्थिक रूप से लाभान्वित किया। इनपुट एजेंसियां Edited by : Sudhir Sharma