गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. National Women Commission strict on Nikki Bhati murder case
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 25 अगस्त 2025 (16:08 IST)

स्कॉर्पियो SUV, मोटरसाइकिल और सोने के गहने सब कुछ तो दिया था, निक्की हत्याकांड पर NCW सख्त

Nikki Bhati murder case of Greater Noida
Nikki Bhati murder case of Greater Noida: राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने ग्रेटर नोएडा में 26 वर्षीय निक्की भाटी की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या किए जाने की खबरों का गंभीर संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
 
आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने रविवार को जारी एक बयान में बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि इस मामले में प्रासंगिक धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए और निष्पक्ष व समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए।
 
उन्होंने पीड़िता के परिजनों और गवाहों को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की है। आयोग ने डीजीपी से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। पुलिस के अनुसार, अब तक निक्की के पति विपिन भाटी, उसके माता-पिता सतवीर और दया तथा भाई रोहित को गिरफ्तार किया गया है।
 
विपिन को लगी पांव में गोली :  पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विपिन को शनिवार को हिरासत में लिया गया था, लेकिन जब उसे सबूत जुटाने के लिए ले जाया जा रहा था, तब वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। कासना थाने में 22 अगस्त को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, निक्की को कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया गया।
 
बहन कंचन ने बनाया वीडियो : निक्की की बड़ी बहन कंचन आरोपी रोहित की पत्नी है। उसने घटना के वीडियो बनाए, जिनमें निक्की को बालों से घसीटते हुए और फिर आग की लपटों में घिरी हुई देखा जा सकता है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी आए हैं। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से जल चुकी निक्की को दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
 
शादी के बाद से ही प्रताड़ना : मामले में भारतीय न्याय संहिता की हत्या, गंभीर चोट पहुंचाने और आजीवन कारावास के दंडनीय अपराधों के प्रयास जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। निक्की के परिजनों का आरोप है कि 2016 में शादी के बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार के अनुसार, उन्होंने पहले ही एक स्कॉर्पियो एसयूवी, मोटरसाइकिल और सोने के गहने दिए थे, लेकिन ससुराल वालों ने बाद में 36 लाख रुपये नकद और एक लग्ज़री कार की मांग रखी। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा बोले- अनिश्चितताओं के बीच वृद्धि पर है आरबीआई की नजर