संसद की सुरक्षा में सेंध, दीवार कूदकर गरुड़ द्वार तक पहुंचा शख्स
Parliment security breach news : संसद भवन की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति उसकी दीवार कूदकर गरुड़ द्वार तक जा पहुंचा। हालांकि सीआईएसएफ के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह घटना आज सुबह करीब 6.30 बजे घटी। आरोपी रेल भवन की ओर से एक शख्स पेड़ पर चढ़कर संसद भवन की दीवार तक पहूंचा और वहां से अंदर घुस गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
संसद का मानसून सत्र गुरुवार को ही समाप्त हुआ है। सत्र के दौरान संसद भवन के गरूड़ द्वार पर सांसदों की आवाजाही लगी रहती है।
गौरतलब है कि 13 दिसंबर 2023 को भी संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने का एक मामला सामने आया था। तब संसद की कार्यवाही के दौरान 2 लड़के संसद भवन में घुस गए थे। संसद की कार्यवाही के दौरान दोनों शख्स बेंच पर चढ़कर कूदने लगे। सुरक्षा में इस बड़ी चूक को देखते हुए संसद भवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस से लेकर CISF को दे दी गई थी।
अगस्त 2024 में भी देश की नई संसद भवन की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। रेड क्रॉस रोड की तरफ से एक युवक दीवार फांद कर संसद भवन के परिसर में कूद गया था। उसे भी सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया था।
edited by : Nrapendra Gupta