LPG पर संसद में विपक्ष का हल्ला बोल, राहुल गांधी ने की नारेबाजी, लोकसभा स्थगित
देशभर में गैस की किल्लत को लेकर हालात लगातार बिगड़ते दिख रहे हैं। दिल्ली हाईकोर्ट की कैंटीन में बुधवार को LPG सिलेंडर न मिलने के चलते मेन कोर्स सर्विस रोकनी पड़ी, हालांकि बाद में सिलेंडर मिलते ही व्यवस्था बहाल कर दी गई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद परिसर में कहा, 'प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री खुद बिल्कुल अलग कारणों से घबराए हुए हैं। वे सदन के अंदर नहीं आ पा रहे हैं। वे देश से कह रहे हैं कि घबराएं नहीं, जबकि वे खुद घबराए हुए हैं'
वहीं, अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद आज स्पीकर ओम बिरला लोकसभा में पहुंचे। इस दौरान ओम बिरला ने कहा कि वो इस मुद्दे पर 12 बजे बोलेंगे। इस दौरान सदन में भरपूर हंगामा हुआ। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
देशभर में बढ़ती रसोई गैस की कमी और सिलेंडर की किल्लत को लेकर आज विपक्षी दल संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों में LPG उपलब्धता की समस्या और बढ़ती कीमतों को मुद्दा बनाते हुए विपक्ष ने सरकार पर आम लोगों की रसोई पर सीधा प्रहार करने का आरोप लगाया। संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्षी सांसद हाथों में पोस्टर और सिलेंडर के प्रतीक लेकर परिसर में एकत्र हुए. नेताओं ने कहा कि रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से लाखों परिवार परेशान हैं और सरकार स्थिति को हल्के में ले रही है।
विपक्ष का कहना है कि महंगाई पहले ही लोगों को तोड़ रही है और अब गैस संकट ने रोजमर्रा की जिंदगी को और मुश्किल बना दिया है। उन्होंने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप और देशभर में LPG की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
Edited By: Naveen R Rangiyal