1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Gas cylinders are in short supply in Bhopal with no delivery even 10 days after booking.
Last Updated : बुधवार, 11 मार्च 2026 (17:02 IST)

भोपाल में गैस सिलेंडर की किल्लत, बुकिंग के 10 दिन भी डिलीवरी नहीं, गोदाम में स्टॉक नहीं, प्लांट से सप्लाई बंद

Bhopal gas cylinder shortage
ईरान के इजरायल और अमेरिका के  साथ छिड़े भीषण युद्ध का खामियाजा अब भारत  की जनता को उठाना पड़ सकता है। युद्ध के 12 दिन बीतने और अभी जल्द खत्म नहीं होने  के आसार के चलते देश में एलपीजी को लेकर संकट गहरा गया है। मध्यप्रदेश में भी रसोई गैस को लेकर गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही है। राजधानी भोपाल में रसोई गैस की किल्लत देखी जा रही है। लोगों को गैस बुकिंग के बाद भी गैस नहीं पा रही है। वहीं गैस एजेंसियों का कहना है कि उनका स्टॉक खत्म हो गया है।

राजधानी भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित अभिमन्यु गैस एजेंसी का जब 'वेबदुनिया' के प्रतिनिधि ने जायजा लिया तो गैस एजेंसी के कर्मचारी ने साफ शब्दों में कहा कि उनके पास गोदाम स्टॉक नहीं है और न ही उनको प्लांट से सप्लाई नहीं मिल पा रही है। ऐसे में अभी गैस नहीं मिल पाएगी। कर्मचारी ने कहा कि 8 मार्च को बुक की गई गैस का नंबर एक हफ्ते बाद आने की संभावना है। अब 28 फरवरी को बुक की गई गैस की सप्लाई की जा रही है।

गौरतलब है कि युद्ध के चलते पहले ही घरेलू रसोई गैस सिलिंडर के बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। रसोई गैस सिलेंडर की लॉकिग पीरियड अब 25 दिन कर दिया गया है। यानी अब आप एक रसोई गैस सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा गैस सिलिंडर सिलिंडर 25 दिन के बाद भी बुक कर पाएंगे।

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के मध्यप्रदेश प्रेसीडेंट आरके गुप्ता ने वेबदुनिया से बात करते हुए कहा कि वैश्वविक हालात को देखते हुए रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग पर 25 दिन की पाबंदी लगा दी है। जैसे आज आप सिलेंडर लेंगे तो अगला सिलेंडर आप 25 दिन बाद ही बुक कर पाएंगे।

वहीं राजधानी में गैस की किल्लत के बीच कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ऑयल कंपनियों, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, होटल इंडस्ट्रीज तथा गैस वितरक एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में गैस सिलेण्डरों के वितरण, जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के संबंध में चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि घरेलू एलपीजी सिलेण्डरों का वितरण केवल अधिकृत गैस वितरण कंपनियों के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही व्यवसायिक सिलेण्डरों के वितरण को लेकर भी भारत सरकार के नियमों के अनुसार व्यवस्था लागू की गई है। अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, हॉस्टल तथा अन्य अत्यावश्यक सेवाओं को शासन के प्रावधानों के अनुरूप गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए जाएंगे।

केंद्र सरकार द्वारा गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी रोकने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत सख्ती बरती जा रही है। इसके अंतर्गत घरेलू एलपीजी सिलेण्डर की बुकिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अब एक सिलेण्डर की डिलीवरी होने के बाद उपभोक्ता अगला सिलेण्डर 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे। साथ ही गैस सिलेण्डर की डिलीवरी के समय OTP या बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि घरेलू सिलेण्डरों को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट की स्थिति नहीं है। गैस वितरण कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग के अनुसार नियमित रूप से सिलेण्डर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और इस पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस सिलेण्डर वितरण को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल,  धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
अफवाहों के साए में गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, उपभोक्ता बोले- मजबूरी में ब्लैक में खरीद रहे घरेलू सिलेंडर