युद्ध का असर: रसोई गैस सिलिंडर बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव, ऑनलाइन बुकिंग में भी दिक्कत
मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़े भीषण युद्ध का असर अब भारत पर भी पड़ने लगा है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का सीधा असर पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई पर पड़ रहा है। युद्ध के लंबा खींचने के अंदेशा और वैश्विक संकट को देखते हुए गैस सिलिंडर के बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। रसोई गैस सिलेंडर की लॉकिग पीरियड अब 15 दिन की जगह 25 दिन कर दिया है। यानी अब आप एक गैस सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलिंडर 25 दिन के बाद भी बुक कर पाएंगे। अब तक इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम में एक सिलिंडर लेने के 15 दिन बाद दूसरा सिलिंडर बुक किया जा सकता था।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से रसोई गैस सिलेंडरों की बुकिंग के नए नियम आज (शनिवार) से लागू हो गए है। मंत्रालय के नए दिशा निर्देशों के तहत अब एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरे सिलेंडर के लिए ऑनलाइन बुकिंग करवाई जा सकेगी। इसके लिए ऑयल कंपनियों ने अपने सॉफ्टवेयर में बदलाव किया है और अब 25 दिन से पहले बुकिंग नहीं हो सकेगी। ऑयल कंपनियों ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को इन नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं।
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के मध्यप्रदेश प्रेसीडेंट आरके गुप्ता ने 'वेबदुनिया' से बात करते हुए कहा कि युद्ध का असर ही है कि रसोई गैस के दाम बढ़ गए है और दूसरा वैश्वविक हालात को देखते हुए ऑयल कंपनियों ने अब गैस सिलेंडर की बुकिंग पर 25 दिन की पाबंदी लगा दी है। जैसे आज आप सिलेंडर लेंगे तो अगला सिलेंडर आप 25 दिन बाद ही बुक कर पाएंगे।
गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत- गैस सिलेंडर के बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव होने के बाद उपभोक्ताओं का रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग में भी समस्या आ रही है। भोपाल निवासी अरूण कहते है कि वह सुबह से इंडियन आॉयल के ऑनलाइन बुकिंग नंबर 7718955555 पर कॉल लगा रहे है लेकिन कॉल लग नहीं रहा है। इसको लेकर जब 'वेबदुनिया' ने ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के मध्यप्रदेश प्रेसीडेंट आरके गुप्ता से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायत गलत नहीं है, चूंकि बुकिंग सिस्टम में बदलाव हुआ है तो ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आज सुबह से आई है और कंपनी का दावा है कि समस्या 2 घंटे में सुधार ली जाएगी।
लोग अफवाहों पर न दें ध्यान- मिडिल ईस्ट में लगातार भड़कता युद्ध और भारत में गैस के दामों में बढ़ोत्तरी के साथ गैस सिंलेडर की ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आने के बाद लोगों के बीच कई तरह की अफवाह फैल रही है। क्या युद्ध का असर से भारत में गैस सिंलेडर के सप्लाई में कोई परेशानी आाएगी इसको लेकर ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के मध्यप्रदेश प्रेसीडेंट आरके गुप्ता कहते है कि गैस सिलेंडर की सप्लाई पर न तो कोई असर है और न कोई किल्लत है। वह लोगों से अपील करते है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही गैस सिलेंडर का स्टॉक करें, ऐसी कोई समस्या नहीं है। वह कहते है कि गैस बुकिंग के दो दिन के गैस सिलेंडर की सप्लाई हो जाएगी।
वहीं वैश्विक हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने ऑयल रिफाइनरी कंपनियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि वे अपनी क्षमता का इस्तेमाल एलपीजी उत्पादन बढ़ाने पर करें। सरकार ने कहा कि प्रोपेन और ब्यूटेन स्ट्रीम्स का अधिकतम उपयोग एलपीजी बनाने में किया जाए, ये स्ट्रीम्स अब पेट्रोकेमिकल या अन्य उपयोग के बजाय सिर्फ एलपीजी प्रोडक्शन के लिए इस्तेमाल होंगी।