बंगाल में कानून नहीं, बम चलता है, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का ममता सरकार पर बड़ा प्रहार
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को लोकसभा में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर तीखा हमला किया। केंद्रीय बजट 2026 पर चर्चा का जवाब देते हुए सीतारमण ने कहा कि चुनावी राज्य बंगाल में आज कानून का नहीं, बल्कि खौफ का शासन है। सदन में विपक्ष के शोरशराबे के बीच वित्त मंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि बंगाल में बम चलता है, कानून नहीं चलता। पश्चिम बंगाल में आने वाले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिससे पहले यह राजनीतिक बयानबाजी काफी अहम मानी जा रही है।
सीतारमण ने कहा कि केंद्रीय बजट में ऐसे कई प्रस्ताव हैं जिनमें पश्चिम बंगाल सरकार भागीदारी कर सकती है और राज्य के हितों को आगे बढ़ा सकती है। उन्होंने जोर दिया कि केंद्र विकास के लिए तैयार है, बशर्ते राज्य सरकार सहयोग करे।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उस कथित सलाह की भी कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने महिलाओं को शाम के समय घरों के अंदर रहने को कहा था। सीतारमण ने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय महिलाओं को घर में रहने की सलाह देना बेहद चिंताजनक है।
पुरानी घटनाओं का किया जिक्र
अपने भाषण के दौरान निर्मला सीतारमण ने जून 2025 में कालीगंज में हुए बम विस्फोट का जिक्र किया। इसमें एक मासूम बच्चे की जान चली गई थी। उन्होंने याद दिलाया कि उस मामले में एक टीएमसी (TMC) नेता की गिरफ्तारी हुई थी।
अभिषेक बनर्जी के दावों को नकारा
वित्तमंत्री ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। वित्त मंत्री ने उन दावों को खारिज कर दिया कि दूध, स्टेशनरी और शिक्षा पर भारी जीएसटी लगाया जा रहा है।
क्या है मृत्यु पर टैक्स का सच
अभिषेक बनर्जी के उस बयान को भी वित्त मंत्री ने गलत बताया जिसमें कहा गया था कि "मौत पर भी जीएसटी लगता है। वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि अंतिम संस्कार सेवाओं पर जीएसटी शासन के तहत कभी कोई टैक्स नहीं लगाया गया है। Edited by : Sudhir Sharma