• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. JMM MLA Lobin Hembram joins BJP
Last Updated :रांची , शनिवार, 31 अगस्त 2024 (15:47 IST)

झामुमो को फिर लगा झटका, पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम BJP में शामिल

कहा कि झामुमो में वरिष्ठ नेताओं के लिए कोई सम्मान नहीं

झामुमो को फिर लगा झटका, पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम BJP में शामिल - JMM MLA Lobin Hembram joins BJP
JMM MLA Lobin Hembram joins BJP : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के 1 दिन बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम (Lobin Hembram) भी शनिवार को विपक्षी दल में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की उपस्थिति में हेम्ब्रम को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
 
बोरियो के पूर्व विधायक ने यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कहा कि झामुमो, गुरुजी (झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन) के वक्त में जो था, वह अब नहीं रहा है। अब झामुमो में वरिष्ठ नेताओं के लिए कोई सम्मान नहीं है। इसलिए मैंने झारखंड के विकास और आदिवासियों के उत्थान के लिए भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।

 
हेम्ब्रम को 26 जुलाई को दलबदल रोधी कानून के तहत झारखंड विधानसभा से अयोग्य ठहराया गया था। अपनी पार्टी के खिलाफ मुखर रहे हेम्ब्रम ने राजमहल लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और झामुमो प्रत्याशी विजय हंसदक को चुनौती दी थी, हालांकि उन्हें संसदीय चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

 
झामुमो ने हेम्ब्रम के खिलाफ दलबदलरोधी कानून के तहत कार्यवाही शुरू की थी। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। 2 दिन पहले उन्होंने पार्टी की मौजूदा कार्यशैली के प्रति असंतोष और कठोर अपमान का हवाला देते हुए झामुमो से इस्तीफा दे दिया था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta