शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. indigo crisis more then 550 flghts canceled
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025 (11:01 IST)

इंडिगो की 900 से ज्यादा उड़ानें रद्द, यात्रियों की नाराजगी बढ़ी, क्या बर्बादी की कगार पर है इंडिगो?

indigo
Indigo Crisis : इंडिगो एयरलाइंस में ऑपरेशन संबंधी दिक्कतों के चलते अब तक 900 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई है। इस तरह अचानक बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने की वजह से यात्री काफी नाराज है। इंडिगो संकट की वजह से अन्य उड़ानों की कीमतें भी आसमान पर पहुंच गई। डीजेसीए की फटकार के बाद एयरलाइन ने यात्रियों से उन्हें हो रही असुविधा के लिए माफी मांगी है। इस बीच यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या इंडिगो बर्बादी की कगार पर है?
 
नाराज यात्रियों का प्रदर्शन : बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने की वजह से यात्री परेशान है। देशभर में एयरपोर्ट पर अफरातफरी की स्थिति नजर आ रही है। उड़ान रद्द होने से नाराज यात्री एयरलाइन के खिलाफ प्रदर्शन भी कर रहे हैं। हालांकि एयरलाइन का कहना है कि जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, उन्हें नई यात्रा व्यवस्था या जरूरत पड़ने पर रिफंड दिया जा रहा है।
 
क्यों हुई गड़बड़ :  सर्दियों की वजह से बदला हुआ शेड्यूल, खराब मौसम, हवाई यातायात में बढ़ा दबाव और नए क्रू रोस्टरिंग नियम की वजह से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा, जिसका असर उड़ानों पर देखने को मिला है। क्रू की भारी कमी के कारण इंडिगो की उड़ानों पर बुरा असर पड़ा है। उड़ान में समय की पाबंदी के लिए पहचानी जाने वाले इंडिगो की उड़ानें या तो घंटों लेट है या रद्द हो चुकी है।
 
नवंबर से 1200 से ज्यादा उड़ानें रद्द : विमान नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने कहा कि इंडिगो की नवंबर में 1,232 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें से 755 फ्लाइट्स क्रू और एफडीटीएल नियमों की वजह से रद्द हुईं हैं। एटीसी सिस्टम फेलियर (92), एयरपोर्ट/एयरस्पेस प्रतिबंध (258) और अन्य कारणों से 127 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

छुट्टियां बर्बाद होने का डर : क्रिसमस और न्यू ईयर पर बड़ी संख्या में लोग घूमने जाते हैं। इसकी प्लानिंग महिनों पहले कर टिकट बुकिंग भी कर ली जाती है। इंडिगो संकट से अब लोगों को छुट्‍टियां बर्बाद होने का भी डर सता रहा है। एयरलाइंस का भी कहना है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में 2 से 3 माह मा समय लग सकता है।
 
इंडिगो ने मांगी माफी : इंडिगो ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बयान जारी कर कहा कि उसकी टीमें MOCA, DGCA, BCAS, AAI और एयरपोर्ट ऑपरेटरों की मदद से स्थिति को सुधारने में लगी हैं।
 
इंडिगो ने कहा कि वह यात्रियों को उनकी फ्लाइट में किसी भी बदलाव की जानकारी देती रहेगी। साथ ही कंपनी ने लोगों से अपील की कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक करें। एयरलाइन ने कहा कि हमें हुई असुविधा का गहरा अफसोस है और हम जल्द से जल्द अपनी सेवाओं को सामान्य करने पर ध्यान दे रहे हैं। 
संसद में स्थगन प्रस्ताव नोटिस : इस बीच शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इंडिगो एयरलाइंस के ऑपरेशन में रुकावट पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। उनका कहना है कि इससे देशभर के यात्रियों को बहुत परेशानी हो रही है।
 
बहरहाल इस संकट से देश की सबसे बड़ी एयरलाइन मानी जाने वाली इंडिगो की साख बुरी तरह प्रभावित हुई है। ऐसे में लोगों को इस बात का डर भी सता रहा है कि इसका हश्र भी जेट एयरवेज जैसी अन्य बड़ी प्राइवेट एयरलाइंस की तरह ना हो जाए।
edited by : Nrapendra Gupta