• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. delhi gets relief from flood, yamuna bank metro station opens for public
Written By
Last Updated : रविवार, 16 जुलाई 2023 (15:27 IST)

दिल्ली को मिली बाढ़ से राहत, यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन फिर खुला

delhi metro
Delhi Flood : दिल्ली को अब बाढ़ से राहत मिलती नजर आ रही है। यमुना नदी के जलस्तर में कमी आने के बाद दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर यमुना बैंक स्टेशन यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए फिर से खुल गया है। यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण गुरुवार को स्टेशन को यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
दिल्ली में यमुना पिछले एक सप्ताह से उफान पर है और इसका 1978 का 207.49 मीटर जलस्तर रिकॉर्ड बुधवार को तब टूट गया था जब इसका जलस्तर 207.71 मीटर पर चला गया और दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में बाढ़ आ गई। अब यमुना के जलस्तर में गिरावट आ रही है और रविवार को यह 205.98 मीटर दर्ज किया गया।
 
दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने गुरुवार को यमुना बैंक स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश रोक दिया था क्योंकि जलभराव के कारण स्टेशन तक पहुंचना मुश्किल हो गया था।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने ट्वीट किया था, यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण मेट्रो की ब्लू लाइन पर यमुना बैंक स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश व निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। स्टेशन पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य हैं। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta