अनिल कपूर, हेमा मालिनी भाजपा प्रत्याशी?
-
वेबदुनिया डेस्क फिल्म अभिनेता अनिल कपूर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी हो सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि कपूर ने दिल्ली से ही चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। भाजपा के नेता मानते हैं कि पूर्वी दिल्ली के मतदाताओं को देखते हुए यह सीट कपूर के करिश्मे से जीती जा सकती है। फिलहाल इस सीट से दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित सांसद हैं। राजधानी में भाजपा नई दिल्ली से हेमा मालिनी को चुनावी मैदान में उतारना चाहती है। हालाँकि पहले उन्हें लखनऊ से चुनाव लड़वाने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन लालजी टंडन को वहाँ से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब हेमा मालिनी को नई दिल्ली चुनाव क्षेत्र से प्रत्याशी बनाने की चर्चा है। इस संसदीय चुनाव क्षेत्र से शहरी विकास मंत्रालय में राज्यमंत्री अजय माकन सांसद हैं। एक समय पर इस चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस ने फिल्म अभिनेता राजेश खन्ना को प्रत्याशी बनाया था और तब भाजपा दिग्गज बहुत कम मतों के अंतर से सीट जीतने में कामयाब हो सके थे। पर इस सीट के लिए भाजपा नेता विजय गोयल की भी दावेदारी है। पार्टी के नेताओं का मानना है कि क्रिकेटर से नेता बने नवजोतसिंह सिद्धू को पश्चिमी दिल्ली से भी चुनाव लड़वाया जाए। गौरतलब है कि पार्टी ने उन्हें अमृतसर से पहले ही अपना प्रत्याशी घोषित किया है। चूँकि पश्चिमी दिल्ली सिख बहुल क्षेत्र है इसलिए पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति पाँच मार्च को होने वाली अपनी बैठक में इस सीट के लिए अपना प्रत्याशी तय करेगी।