लांच होने वाला है आईफोन 5
टैबलेट और स्मार्ट फोन बनाने वाली दिग्गज कंपनी एप्पल ने मार्केट लीडर बने रहने के लिए अपना खास हथियार चलाया है। जी हां, मीडिया को भेजे गए निमंत्रण में एप्पल ने संकेत दिया है कि वो 12 सितंबर को अपना टॉप प्रोडक्ट आईफोन 5 को बाजार में उतार सकता है।
PR |
आईफोन 5 की दीवानगी का आलम भी इसके पूर्ववर्ती मॉडल्स जैसा ही है। आईफोन 5 के लांच की खबर फैलते ही लोग इसकी बुकिंग के बारे में पता कर रहे हैं। कई लोगों ने एप्पल स्टोर पर इसकी बुकिंग के लिए जोर-शोर से पूछताछ की है।
एप्पल द्वारा भेजे गए निमंत्रण में बेहद खूबसूरत तरीके से लिखा है "इट्स ऑलमोस्ट हियर"। इसके साथ ही '12' नंबर की बड़ी सी आकृति बनी थी जिसके बैक ग्राउंड में पांच नंबर का आभास दे रही है।
सूत्रों के अनुसार आईफोन 5 की स्क्रीन आईफोन 4 से बड़ी होगी और यह सबसे आधुनिक मोबाइल प्लेटफॉर्म को सपोर्ट करेगा। इसका प्रोसेसर भी अधिक तेज और अपग्रेडेड होगा।
उल्लेखनीय है कि जानी-मानी मोबाइल कंपनी नोकिया और सॉफ्टवेयर जाइंट माइक्रोसॉफ़्ट बुधवार को न्यूयॉर्क में एक मीडिया समारोह आयोजित कर रहे हैं जिसमें विंडोज फ़ोन 8 ऑपरेटिंग सिस्टम-युक्त स्मार्टफ़ोन लॉन्च होने की संभावना है।
