Maharashtra : BMC में मेयर पर सस्पेंस, महायुति में पेंच, शिंदे ने अपने पार्षदों को फाइव स्टार होटल में किया कैद
उद्धव बोले- देवा की इच्छा हुई तो महापौर उनकी पार्टी का
Maharashtra News : बीएमसी चुनाव के नतीजे आने के बाद अब मेयर पर खींचतान शुरू हो गई है। एक ओर जहां भाजपा और शिंदे की शिवसेना मेयर पोस्ट पर आमने-सामने है। दूसरी तरफ सपने वाली बात कहकर उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे की बेचैनी बढ़ा दी है। एकनाथ शिंदे को अब अपने पार्षदों के टूटने का डर सता रहा है। यही कारण है कि उन्होंने अपने पार्षदों को फाइव स्टार होटल में कैद कर दिया है। मीडिया खबरों के मुताबिक भाजपा और शिंदे की शिवसेना में भी खींचतान चल रही है। शुक्रवार को हुई मतगणना में भाजपा और शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन ने 227 सदस्यीय बीएमसी में स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जिसमें उन्हें क्रमशः 89 और 29 सीट मिलीं।
शिदे को किस बात का सता रहा है डर
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को शिवसेना के फिर से टूटने की चिंता सता रहा है। मीडिया खबरों के मुताबिक शिंदे ने अपने नए चुने गए कॉर्पोरेटर्स यानी पार्षदों को एक होटल में भेज दिया है ताकि उन्हें पाला बदलने या आखिरी मिनट में दल-बदल से बचाया जा सके। इससे गणित बिगड़ सकता है। पार्टी नेताओं के मुताबिक यह कदम एक एहतियाती कदम है ताकि ऐसे समय में पाला बदलने से रोका जा सके जब संख्याएं करीब हैं और मेयर का चुनाव जल्द ही होने वाला है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के लिए हुए चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी शिवसेना (उबाठा) के मुखिया उद्धव ठाकरे ने यह कहकर अटकलों को और हवा दे दी कि अगर देवा (भगवान) की इच्छा हुई तो महापौर उनकी पार्टी का हो सकता है। इससे पहले दिन में, उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा 25 वर्षों तक बीएमसी पर शासन करने वाली उनकी पार्टी को खत्म करने में विफल रही। ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत में कहा, मुंबई में शिवसेना (उबाठा) का महापौर बनाना मेरा सपना है, और अगर देवा (ईश्वर) की कृपा रही तो यह सपना साकार होगा।
क्या बोले देवेन्द्र फडणवीस
ठाकरे के बयान के बारे में पूछे जाने पर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मजाक में पूछा कि क्या देवा से उनके पूर्व सहयोगी का तात्पर्य मुझसे है या ऊपर वाले भगवान से। उन्होंने कहा कि मुझे भी देवा कहा जाता है, इसलिए मैं पूछ रहा हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊपर वाले भगवान ने तय किया है कि महापौर महायुति का होगा।
भाजपा और शिवसेना में खींचतान
भाजपा और शिवसेना में खींचतान की भी खबर है। ढाई-ढाई साल के कार्यकाल की मांग हो गई है। बीएमसी मेयर पद को लेकर भाजपा और शिंदे कैंप वाली शिवसेना आमने-सामने आ चुकी हैं। मीडिया खबरों के मताबिक बीएमसी में बड़ी जीत के बाद शिवसेना ने भी मेयर का दावा ठोक दिया है।
ढाई-ढाई साल को लेकर अड़े
मीडिया खबरों के अनुसार शिंदे वाली शिवसेना की मांग है कि बीएमसी का मेयर बीजेपी और शिवसेना का ढाई-ढाई साल को हो। इस मामले में महाराष्ट्र की सीएम देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कह दिया है मेयर को लेकर शिवसेना के साथ पहले चर्चा होगी, उसके बाद फैसला लिया जाएगा। Edited by : Sudhir Sharma