भोपाल में 1.5 करोड़ में पति को लेकर 'डील', फैमिली कोर्ट का अनोखा केस
फैमिली कोर्ट के इस मामले से लोगों को याद आई ब्लॉकबस्टर फिल्म जुदाई
Madhya Pradesh news in Hindi : कुटुंब न्यायालय भोपाल में एक महिला अधिकारी ने 1.5 करोड़ रुपए में एक महिला से उसके पति के लिए डील कर ली। इस मामले से लोगों को जुदाई फिल्म की यादें ताजा हो गई। इस फिल्म में उर्मिला मातोंडकर अनिल कपूर के लिए श्रीदेवी से डील करती है।
दरअसल, एक सरकारी विभाग में कार्यरत 42 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति को अपने ही कार्यालय में कार्यरत 10 साल बड़ी महिला अधिकारी से प्रेम हो गया। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं, जिससे पति अपने परिवार से दूरी बनाने लगा। घर में रोजाना होने वाले झगड़ों का असर दोनों बच्चों पर भी पड़ने लगा।
माता-पिता के बीच रोज-रोज के झगड़े से परेशान होकर दंपती की बड़ी बेटी ने कुटुंब न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई। न्यायालय ने माता-पिता को काउंसलिंग के लिए बुलाया। काउंसलिंग के दौरान पति ने स्वीकार किया कि वह अपनी सहकर्मी अधिकारी के साथ रहना चाहता है। वह पत्नी को तलाक देने के लिए भी तैयार था। उसका कहना था कि उसे घर आने का मन नहीं करता है, क्योंकि वहां हर रोज पत्नी से लड़ाई होती है।
वह बेटियों को प्यार करता है, लेकिन वह पत्नी के साथ नहीं रह सकता। मामला 5 वर्ष तक चला है। बच्चों के भविष्य को देखते हुए समझौता कराया गया। अब पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति से विवाह विच्छेद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
काउंसलिंग के बाद पत्नी ने बेटियों और खुद के लिए आर्थिक सुरक्षा की मांग रखते हुए एक घर और 27 लाख रुपए की शर्त रखी। घर की कीमत भी करीब 1 करोड़ रुपए हैं। इस प्रस्ताव को पति की प्रेमिका ने स्वीकार कर लिया। उसका कहना था कि उसे भी अपने प्रेमी की पत्नी और उनकी बेटियों के भविष्य की चिंता है। इस कारण उसने इस शर्त को स्वीकार कर नकद राशि और मकान उन्हें दे दिया।
edited by : Nrapendra Gupta