• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. मध्यप्रदेश
  4. Arun Yadav on Ater election
Written By
Last Updated :भोपाल , रविवार, 9 अप्रैल 2017 (14:59 IST)

अटेर उपचुनाव : कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर लगाया यह गंभीर आरोप

Arun Yadav
भोपाल। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष अरुण यादव ने आरोप लगाया है कि भिंड जिले के अटेर विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को हो रहे मतदान में प्रदेश की भाजपा की सरकार धांधली कर रही है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले का आरोप भी लगाया। 
 
यादव ने रविवार को यहां अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे पर सांकरी गांव में हमला किया गया। वहां हवाई फायरिंग भी की गई। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। 
 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शनिवार दोपहर में कांग्रेस के 40 पोलिंग एजेंटों को पुलिस ने थाने में बैठा लिया था। रात में कांग्रेस के विरोध के बाद उनमें से लगभग 35 को छोड़ा गया। उन्होंने दावा किया कि अब भी कांग्रेस के 5-6 पोलिंग एजेंट गायब हैं। यादव ने आरोप लगाया कि अटेर में भाजपा समर्थकों ने बूथ कैप्चरिंग के प्रयास किए हैं। 
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी स्तर पर पहले ही इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अटेर में विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ है। यह सीट पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के निधन के कारण खाली हुई है। कांग्रेस ने यहां से उनके पुत्र हेमंत कटारे को प्रत्याशी बनाया है। उनका मुख्य मुकाबला भाजपा के अरविंद भदौरिया से है। (वार्ता)