गुरुवार, 24 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. मप्र-छग
Written By ND

पक्षी के टकराने से विमान क्षतिग्रस्त

15 मिनट साँसत में

पक्षी
इंदौर विमानतल से मुंबई के लिए रवाना हुआ किंगफिशर एयर लाइंस का विमान पक्षी से टकराने से क्षतिग्रस्त हो गया। विमान लगभग पंद्रह मिनट हवा में लहराने के बाद वापस उतरा।

दुर्घटना में विमान की चार पंखुड़ियाँ क्षतिग्रस्त हो गई थीं। सभी 162 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। दोपहर तीन बजे विशेष विमान से यात्री मुंबई रवाना हुए।

बुधवार को सुबह 8.10 बजे मुंबई जाने वाले किंगफिशर एयरलाइंस के विमान ने रनवे से उड़ान भरी, लेकिन सभी यात्री उस समय सकते में आ गए जब उन्हें पंद्रह मिनट बाद ही इंदौर विमानतल पर वापस उतरने की सूचना मिली।

कुछ देर बाद कंपनी के कर्मचारियों द्वारा विमान में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान रद्द करने की घोषणा की गई। उड़ान रद्द होने से यात्री आक्रोशित हो गए और काफी देर तक हंगामा करते रहे।

आक्रोशित यात्री कंपनी से अन्य उड़ान की व्यवस्था करने की माँग करने लगे। कई तो अपनी यात्रा रद्द करके लौट गए। बाद में कंपनी के इंजीनियर अन्य विमान से इंदौर पहुँचे और सुधार कार्य किया। किंगफिशर के एयरपोर्ट मैनेजर दीपायन राय ने बताया कि बाहर जाने वाले यात्रियों को मुंबई-उदयपुर विमान से विशेष उड़ान के रूप में तीन बजे मुंबई रवाना कर दिया गया।-नईदुनिया