• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. Congress's Jan Aakrosh Yatra against Madhya Pradesh government from September 19
Written By
Last Updated :भोपाल , शनिवार, 16 सितम्बर 2023 (22:02 IST)

मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा 19 सितंबर से

मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा 19 सितंबर से - Congress's Jan Aakrosh Yatra against Madhya Pradesh government from September 19
Jan Aakrosh Yatra: कांग्रेस 19 सितंबर से मध्यप्रदेश के 7 स्थानों से जन आक्रोश यात्रा (Jan Aakrosh Yatra) शुरू करेगी, जो प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख कमलनाथ और पार्टी में मध्यप्रदेश के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) ने शनिवार को यहां पत्रकार वार्ता की।
 
इस पत्रकार वार्ता सुरजेवाला ने भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि वह बेरोजगारी घटाने तथा महिलाओं एवं दलितों के खिलाफ अपराध से निपटने में विफल रही है। सुरजेवाला ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के 225 महीनों के दौरान 250 से अधिक घोटाले हुए हैं। शिवराज सिंह चौहान के 18 साल के शासन के खिलाफ लोगों में असंतोष 'जन आक्रोश' में बदल गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में 'गंभीर अराजकता, अपराध, भय, अत्याचार और लूटपाट' देखी जा रही है।
 
सुरजेवाला ने कहा कि आदिवासी, किसान, दलित, बेटियां, बेटे, पिछड़े वर्ग और युवाओं सहित सभी वर्ग राज्य को बचाने के लिए इस सरकार को हटाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 18 वर्षों में मध्यप्रदेश में 58,000 महिलाओं और लड़कियों के साथ बलात्कार किया गया और लगभग 67,000 महिलाओं का अपहरण कर लिया गया।
 
उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को उजागर करने के लिए कांग्रेस 19 सितंबर से प्रदेश के 7 स्थानों से जन आक्रोश यात्रा निकालेगी और यह यात्रा 15 दिनों में मध्यप्रदेश के सभी 230 विधानसभा से गुजरते हुए सामूहिक रूप से 11,400 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
 
विपक्ष के नेता गोविंद सिंह, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रमुख अरुण यादव, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, जीतू पटवारी और अजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी तथा कांतिलाल भूरिया सहित कांग्रेस नेता विभिन्न स्थानों से यात्रा का नेतृत्व करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान सुरजेवाला ने 'बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार' का आरोप लगाते हुए शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधा।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार ने 'महाकाल लोक' (उज्जैन में भगवान महाकाल मंदिर परिसर में एक गलियारा), बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य योजनाओं के निर्माण को भी भ्रष्टाचार से नहीं बख्शा। सुरजेवाला ने सीधी में पेशाब करने की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में दलितों, महिलाओं और आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार किए जा रहे हैं।
 
इस अवसर पर यात्रा के बैनर से दिग्विजय सिंह की तस्वीर गायब होने के बारे में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने कहा कि यात्रा की योजना सिंह और कमल नाथ ने मिलकर तैयार की थी और सभी नेता रैली में नजर आएंगे। इस पत्रकार वार्ता में कोई नई घोषणा नहीं की गई।
 
इससे पहले अन्य चुनावी वादों के साथ कांग्रेस 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर, 100 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1,500 रुपए भत्ता, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का कार्यान्वयन, ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण, किसान का कृषि ऋण माफ करना की घोषणा कर चुकी है। इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है लेकिन इसका औपचारिक कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है।
 
चुनाव नजदीक आने के साथ सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस दोनों ही जनता तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने या तो यात्राएं निकाली हैं या योजना बनाई है। भाजपा ने लोगों का आशीर्वाद लेने के लिए पहले ही 'जन आशीर्वाद यात्रा' शुरू कर दी है। विभिन्न स्थानों से निकाली जा रही भाजपा की यात्राएं 25 सितंबर को भोपाल में समाप्त होंगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महाकुंभ या भाजपा कार्यकर्ताओं की विशाल सभा को संबोधित कर सकते हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
तेलंगाना जीतने के लिए कांग्रेस का बड़ा पैंतरा, सोनिया गांधी ने किए चुनावी वादे