सूर्यास्त बाद दिख रहे हैं बुध-गुरु-शुक्र
सूर्यास्त बाद अद्भुत छटा बिखेर रहे बुध-गुरु-शुक्र
इन दिनों सूर्यास्त के बाद अंधेरा होते ही अंतरिक्ष का नजारा बहुत ही लुभावना हो जाता है, क्योंकि सौरमंडल का सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति (गुरु) और सबसे चमकदार शुक्र ग्रह एक सरल रेखा में आमने-सामने चमक रहे हैं। शुक्र के साथ बुध ग्रह भी उसके कुछ नीचे चमक रहा है। शुक्र और बुध बहुत नजदीक हैं, हमारी आंखों पर दोनों की कोणीय दूरी मात्र 2 डिग्री की बन रही।उज्जैन वराह मिहिर शोध संस्थान के खगोल विज्ञानी संजय केथवास ने बताया कि सांझ के अंधेरे में पूर्वी आकाश में बृहस्पति ग्रह चमकने लगता है। इसके विपरीत पश्चिमी आकाश में शुक्र ग्रह नजर आने लगता है। अंधेरा होने पर ये दोनों ग्रह सबसे पहले दिखाई देने लगते हैं।
कुछ देर बाद शुक्र के नीचे बुध हल्की चमक के साथ दिखाई देता है, इसको थोड़ा ध्यान से देखना जरूरी है। बुध-शुक्र हमें करीब तो नजर आ रहे हैं, लेकिन अंतरिक्ष में इनकी वास्तविक दूरी 5 करोड़ 3 लाख किमी है। इसी तरह शुक्र और बृहस्पति की अंतरिक्ष में दूरी 67 करोड़ एक लाख किमी है। ज्योतिष विज्ञान में शुक्र को सौंदर्य प्रधान एवं बृहस्पति को देवताओं का गुरु माना है। आमजन आसानी से इनको पहचान कर इनके लुभावने दृश्य को कोरी आंखों से निहार सकते हैं।