1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. आईटी खबर

आईटी कुंभ ने छोड़ी अमिट छाप

अब तक का सबसे व्यापक मेला

लॉजीटेक आईटी कुंभ 2008
- प्रियंका पांडे
तीन दिनों तक इंदौर में चलने वाला 'लॉजीटेक आईटी कुंभ 2008' ने जाते-जाते आईटी व तकनीकी प्रेमियों के दिलों में इस बार अपनी अमिट छाप छोड़ी है।

कुंभ के स्वरूप में यह आईटी मेला इंदौर में लगने वाले अब तक के सभी आईटी कार्निवालों में सबसे व्यापक व व्यापारिक तरीके से आयोजित किया गया था।

NDND
इस आईटी कुंभ में जहाँ तीन दिनों तक 80 आईटी व टेलीकॉम कंपनियों ने अपने उत्पाद व सेवाओं की जानकारी प्रदान की, वहीं व्यापारिक दृष्टिकोण से कई कंपनियों ने अपने नए उत्पादों की लांचिंग इस आईटी कुंभ में की। तीन दिनों तक चले इस तकनीकी मेले में हजारों की संख्या में लोगों ने शिरकत की।

एमपीटीसीटीए के अध्यक्ष मनीष गोयल ने इस कुंभ की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि अब तक इस तरह के कार्यक्रम मेट्रो शहरों की ही शोभा बढ़ाते थे, मगर इस बार हमने इस आईटी मेले को अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मेलों की तर्ज पर विस्तृत व अत्यंत व्यापारिक स्वरूप दिया है। इस बार हमने इसे किसी बिजनेस व आईटी कार्निवाल का लुक न देकर आईटी कुंभ का लुक दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि आईटी व टेलीकॉम क्षेत्र के उत्पादों के साथ-साथ हमने इस बार जिस तरह क्विज शो व ट्रेनिंग तथा कंसल्टेंसी कंपनियों द्वारा कंसल्टेंसी का आयोजन किया था, इसी तरह हम अगले आईटी कुंभ में इस क्षेत्र से जुड़े सेमिनार का आयोजन करने का प्रयास करेंगे, जिससे जिज्ञासुओं को और अधिक लाभ मिले। सेमिनार का आयोजन हम इस बार ही करना चाहते थे, पर कुछ कारणों से यह कमी इस आईटी कुंभ में रह गई।

वहीं इस कुंभ के आखिरी दिन मध्यप्रदेश के शिक्षामंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़ ने भी शिरकत की और एमपीटीसीटीए व नईदुनिया के इस मिलेजुले प्रयास की सराहना की। जाते-जाते यह आईटी कुंभ आने वाले सालों में आईटी व टेलीकॉम क्षेत्र में इंदौर के लिए कई संभावनाएँ छोड़ गया।