Last Modified: क्वालालंपुर ,
गुरुवार, 1 मार्च 2012 (15:15 IST)
तेलवाहक जहाज पर जलदस्युओं का हमला
अंतरराष्ट्रीय मैरीटाइम ब्यूरो के अनुसार नाइजीरिया के समुद्री तट के पास भारी हथियारों से लैस जलदस्युओं ने एक तेलवाहक जहाज पर गोलीबारी की।
आईएमबी ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि स्थानीय समय के अनुसार बुधवार रात 11 बजे दस्युओं ने यह हमला किया जिसे नाइजीरिया के स्वामित्व वाले पोत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सफल नहीं होने दिया। गिनी की खाड़ी में जल दस्युओं के हमले लगातार बढ़ रहे हैं।
इससे एक दिन पहले जलदस्युओं ने नीदरलैंड के एक कार्गो जहाज पर हमला कर तीन लोगों का अपहरण कर लिया था। अपहृतों में जहाज का कैप्टन भी शामिल है।
दो हफ्ते पहले ताइवान के स्वामित्व वाले एक कार्गो जहाज पर भी जलदस्युओं ने गोलीबारी की थी जिसमें जहाज का कैप्टन मारा गया था। हमले के दौरान गिरने से जहाज के मुख्य अभियंता की भी मौत हो गई थी। (भाषा)