कौन हैं सर्जियो गोर जिन्हें ट्रंप ने भारत में बनाया अमेरिकी राजदूत?
Sergio Gor news : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहयोगी सर्जियो गोर को भारत में अमेरिका का अगला राजदूत नामित किया है। सर्जियो गोर वर्तमान में व्हाइट हाउस प्रेसिडेंशियल पर्सनल ऑफिस के निदेशक हैं।
ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया साइट ट्रूथ पर अपनी पोस्ट में कहा कि गोर (38) मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं और कई वर्षों से मेरे साथ हैं। सर्जियो गोर को भारत में अमेरिका के अगले राजदूत के रूप में नामित करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। वे दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत की भूमिका भी निभाएंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि गोर और उनकी टीम ने संघीय विभागों और एजेंसियों में लगभग 4,000 अधिकारियों की भर्ती रिकॉर्ड समय में की है जिससे 95 प्रतिशत से अधिक पद भरे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि गोर के नाम पर मुहर लगने तक वह व्हाइट हाउस में अपनी वर्तमान भूमिका में बने रहेंगे।
गोर ट्रंप के करीबी माने जाते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में भी वह ट्रंप के साथ थे। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप की बेस्ट सेलर किताबें भी प्रकाशित कीं। इससे पहले एरिक गार्सेटी मई 2023 से जनवरी 2025 तक भारत में अमेरिका के राजदूत थे।
edited by : Nrapendra Gupta