1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. India-US trade talks postponed
Last Modified: रविवार, 22 फ़रवरी 2026 (17:01 IST)

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता टली, अमेरिकी कोर्ट के फैसले का दिखा असर, जानिए कब होगी अगली बैठक

India-US trade talks postponed
India-US trade talks postponed : भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय ट्रेड डील को लेकर एक बड़ी खबर आई है। दरअसल, टैरिफ के मसले पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भारत और अमेरिका के बीच होने वाली अंतरिम व्यापार समझौते (ट्रेड डील) पर बातचीत फिलहाल टल गई है। खबरों के अनुसार, दोनों देशों के मुख्य वार्ताकारों की अहम बैठक 23 फरवरी से वॉशिंगटन में शुरू होने वाली थी। अब इस बैठक को आगे की तारीख के लिए टाल दिया गया है। दोनों देशों का मानना है कि हाल के घटनाक्रम, खासकर अमेरिका में टैरिफ को लेकर हुए कानूनी और राजनीतिक फैसलों को समझने और उनका असर आंकने के लिए समय चाहिए।

इस बैठक में भारत की ओर से वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव दर्पण जैन मुख्य वार्ताकार थे और भारतीय टीम तीन दिन तक अमेरिका में चर्चा करने वाली थी। इस बैठक का मकसद अंतरिम व्यापार समझौते के कानूनी दस्तावेज को अंतिम रूप देना था। दोनों देशों ने पहले ही इस साल मार्च तक अंतरिम ट्रेड डील पर हस्ताक्षर करने और अप्रैल से उसे लागू करने का लक्ष्य रखा था।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति को खारिज कर दिया था। यह अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए एक बड़ा झटका था। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने एक दूसरे कानून के तहत पहले 10 फीसदी और फिर उसे बढ़ाकर 15 फीसदी टैरिफ लगाने का आदेश जारी कर दिया।
 

ट्रंप ने आदेश पर किए हस्ताक्षर

उन्होंने तत्काल प्रभाव से देशों पर टैरिफ 10 बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का आदेश दिया और इसे कानूनी रूप से परखा हुआ कदम बताया। ट्रंप ने एक आदेश पर हस्ताक्षर कर दुनियाभर के देशों पर नया टैरिफ लगाया है। यह 15 फीसदी टैरिफ 24 फरवरी से लागू हो जाएगा। इससे पहले ट्रंप ने शुक्रवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी देशों पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने की बात कही थी।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने दिया था ट्रंप को झटका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यह घोषणा उस समय की गई, जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ के मसले पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शुक्रवार को बड़ा झटका दिया था। ट्रंप की ओर से दुनियाभर देशों पर लगाए गए टैरिफ को गैरकानूनी करार देते हुए अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि राष्ट्रपति के पास टैरिफ लगाने का अधिकार नहीं है।
 

ट्रंप ने की सुप्रीम कोर्ट के फैसले की आलोचना

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में आने वाले सभी विदेशी सामानों पर लगाया जाने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 10 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई देश दशकों से अमेरिका का फायदा उठा रहे थे और उनके मुताबिक अब इस स्थिति को बदला जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की आलोचना की और इसे बेहद खराब बताया।

भारत को लेकर क्‍या बोले राष्ट्रपति ट्रंप

भारत के साथ ट्रेड डील पर ट्रंप ने कहा कि इस डील में कोई बदलाव नहीं होगा। प्रधानमंत्री मोदी मेरे अच्छे दोस्त हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि आने वाले महीनों में उनका प्रशासन नए और कानूनी रूप से उचित टैरिफ तय करेगा और लागू करेगा। ट्रंप ने दावा किया कि यह कदम 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' की प्रक्रिया को पहले से भी ज्यादा मजबूत करेगा।
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
किश्तवाड़ मुठभेड़ में सेना के बहादुर 'टायसन' को लगी पहली गोली, खोजी कुत्ते की मदद से टाप जैश कमांडर हुआ ढेर