1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Chaos in Nepal, protesters entered Parliament, vandalised the premises, police opened fire, many injured Protesters entered Nepal Parliament, vandalized the Parliament building complex

नेपाल में बवाल, संसद में घुसे प्रदर्शनकारी, परिसर में तोड़फोड़, पुलिस ने गोलियां चलाईं, कई घायल

Chaos in Nepal
Protesters entered Nepal Parliament: नेपाल में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ बड़ी संख्या में लोग संसद भवन में घुस गए और वहां तोड़फोड़ की। सभी प्रदर्शनकारी नेपाल की ओली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर ‍रहे थे। इस बीच, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और फायरिंग की। गोलीबारी में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। रिपोर्ट्‍स के मुताबिक नेपाल सरकार ने फेसबुक समेत 26 सोशल मीडिया प्लेफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। 
 
कई शहरों में प्रदर्शन : बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने राजधानी काठमांडू समेत अन्य प्रमुख शहरों में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस दौरान प्रदर्शनकारी संसद परिसर में घुस गए और वहां उन्होंने तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और फायरिंग भी की। पुलिस की गोलीबारी में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को एवरेस्ट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
 
उल्लेखनीय है कि नेपाल में जेन-जेड समुदाय के लोगों ने 8 सितंबर को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य मैतीघर, काठमांडू और अन्य प्रमुख शहरों में भ्रष्टाचार और हाल ही में सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंधों के खिलाफ चिंता व्यक्त करना है। यह आंदोलन युवाओं में बढ़ती हताशा को दर्शाता है।
 
पुलिसकर्मी ने किया प्रदर्शनकारियों का समर्थन : एक्स पर एक पोस्ट के मुताबिक नेपाल के एक पुलिसकर्मी ने सोमवार को जेन-जेड समुदाय के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन के प्रति खुलकर समर्थन व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मैं पेशे से एक पुलिस अधिकारी हूं, लेकिन सबसे पहले मैं इस देश का नागरिक हूं। अगर मुझे अपने देश के लिए बोलने की सजा मिलती है मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। इस प्रदर्शन के चलते कई शहरों में सड़कें जाम हो गईं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सोशल मीडिया हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। (फोटो : सोशल मीडिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
सोना रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसला, चांदी भी हुई सस्‍ती, जानिए क्‍या रहे भाव...