सम्बंधित जानकारी
- ठंड का विशेष जायका : मैथी के पराठे, पढ़ें 4 प्रकार की विधि
- Pyaaz Ki Kachori: Green onion की चटपटी लाजवाब कचौरी
- ठंड के दिनों में खाने का जायका बढ़ा देती है लाजवाब लहसुन की चटनी
- निमाड़ का सबसे लोकप्रिय व्यंजन है मक्का के पानिये
- Quick winter recipes: सर्दियों के दिनों में क्या आपने कभी खाई है मैथी-मक्का की मिस्सी रोटी, नहीं तो एक बार अवश्य ट्राय करें
makar sankranti 2020 | इन पकवानों के बिना अधूरा है मकर संक्रांति का त्योहार, पढ़ें 5 डिशेज बनाने की सरल विधियां
मकर संक्रांति का त्योहार पूरे भारत में किसी न किसी रूप में मनाया जाता है। हिन्दू धर्मावलंबियों द्वारा मनाया जाने वाला यह एक प्रमुख पर्व है। इस दिन तिल के विविध व्यंजन व खिचड़ी बनाने तथा इनका दान करने की भी परंपरा है। पाठकों के लिए प्रस्तुत है तिल के खास डिशेज बनाने की विधियां...
लाजवाब तिल पट्टी/लड्डू
सामग्री :
500 ग्राम तिल, गुड़ 250 ग्राम, 50 ग्राम नारियल बूरा, बादाम-पिस्ता 100 ग्राम, इलायची 4-5 नग।
विधि :
* मकर संक्रांति पर तिल का व्यंजन बनाने के लिए सर्वप्रथम तिल को कड़ाही में हल्का-सा भून लें।
* अब एक दूसरे बर्तन में गुड़ में थोड़ा पानी डालकर चाशनी बनाएं।
* चाशनी बनने पर तिल, इलायची पावडर डालकर मिलाएं और उसमें बादाम-पिस्ता बारीक कतर कर डालें।
* अब नारियल बूरा डालकर अच्छी तरह मिलाएं और मनचाहे आकार के लड्डू बना लें। खाने में स्वादिष्ट तिल-गुड़ के लड्डू आपको जरूर पसंद आएंगे।
नोट : अगर इसी मिश्रण से आपको तिल पट्टी बनाना हो तो, एक थाली या ट्रे में घी की चिकनाई का हाथ लगाकर इस मिश्रण को जमा देने से तिल पट्टी भी आसानी से बनाई जा सकती है।
ड्रायफूट्स के तिल-मावा रोल
सामग्री :
2 कप तिल, एक कप खोवा (मावा), एक कप गुड़, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, पाव कप ड्राई फ्रूट्स।
विधि :
* तिल-मावा और ड्राई फ्रूट्स के रोल बनाने के लिए सबसे पहले तिल को एक कड़ाही में डालकर सुनहरा होने तक सेंक कर बारीक पीस लें।
* खोवा भून लें।
* गुड़ की एक तार की चाशनी बनाएं।
* काजू, पिस्ता, बादाम आदि ड्रायफ्रूट्स बारीक काट लें।
* अब तिल, खोवा व इलायची पाउडर को गुड़ की चाशनी में मिला लें।
* तैयार मिश्रण को चिकनाई लगे छोटे-छोटे सांचों या थाली में डालकर कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भर कर मोड़ते हुए रोल का आकार दें।
* ठंडे होने पर अपनी मनपसंद आकार में काट लें और तिल-गुड़ के इस पावन पर्व का आनंद उठाएं।
मीठी-नमकीन तिल पपड़ी
सामग्री :
सफेद तिल पाव कप,1 कप आटा, पाव कप मैदा, पाव कप रवा, आधा कप गुड़ (बारीक किया हुआ), पाव छोटा चम्मच जायफल पावडर, 1 चुटकी नमक, पाव छोटा चम्मच इलायची पावडर, थोड़ी-सी पिस्ता की कतरन, घी (मोयन एवं तलने के लिए)।
विधि :
* पहले आटा, रवा, मैदा, तिल, जायफल पावडर एवं नमक मिला लें।
* अब एक कप पानी में गुड़ घोलकर गर्म करें। गुड़ पूरी तरह घुल जाने पर इस पानी में एक बड़ा चम्मच घी (मोयन का घी) मिलाकर खूब फेंटें।
* फेंटे हुए पानी से कड़ा आटा गूंथ लें। तत्पश्चात गूंथे आटे की 2-3 बड़ी लोइयां बना कर मोटी-मोटी रोटी बेल लें।
* अब उसे अपने मनपसंद आकार में शेप देकर काट लें।
* एक कड़ाही में घी गरम करके धीमी आंच पर सुनहरे होने तक तल लें।
* अब तैयार और खाने में जायकेदार मीठी-नमकीन तिल पपड़ी पेश करें।
लजीज तिल-खोया बर्फी
सामग्री :
500 ग्राम धुले हुए तिल, मावा 500 ग्राम, शकर 500 ग्राम, आधा चम्मच इलायची पावडर, बारीक कटे बादाम-पिस्ता 100 ग्राम। डेकोरेशन के लिए- थोड़ी-सी बादाम।
विधि :
* सबसे पहले तिल कड़ाही में डालकर हल्के-से भून लें।
* अब मावे को भून लें।
* भुनी हुई तिल ठंडी होने पर मिक्सर में चलाकर दरदरी पीस लें।
* शकर में पानी डालकर चाशनी बनाएं।
* चाशनी में तिल, मावा, इलायची, बादाम, पिस्ता की कतरन डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
* अब एक थाली में घी की चिकनाई का हाथ लगाकर मिश्रण को चारों तरफ फैला दें। ऊपर से बादाम से सजाएं।
* थोड़ी ठंडी होने पर चाकू की सहायता से काट लें। लीजिए लजीज तिल-खोया की दूधिया बर्फी तैयार है, अब पेश करें।
तिल की पुरनपोळी
पुरनपोळी भरावन सामग्री :
1 कटोरी सेंक कर बारीक कुटी हुई तिल, पाव कटोरी बेसन, एक कटोरी बारीक कटा गुड़ (स्वादानुसार), पाव चम्मच इलायची पावडर, केसर के 3- 4 लच्छे पीनी में भीगे हुए, 1 छोटा चम्मच घी।
रोटी के लिए सामग्री : गेहूं का आटा, 2 चम्मच तेल या घी मोयन के लिए।
विधि :
सर्वप्रथम आटे में मोयन डालकर गूंथ कर अलग रख दें। अब एक कड़ाही में घी गरम कर उसमें तिल डालकर थोड़ी देर हिलाएं और अब बेसन डाल दें। बेसन को धीमी आंच पर करीब 5-10 मिनट सेंकने के पश्चात उसमें गुड़ डालकर हिलाते रहे जब तक सारा गुड़ पिघलकर एकसार मिश्रण न बन जाएँ।
जब सारा मिश्रण अच्छी तरह मिक्स और गाढ़ा हो जाए तब उसमें इलायची पावडर और केसर डाल दें। जब मिश्रण पूरी तरह ठंडा हो जाए तब उसको रोटी में भरकर तिल-गुड़ की पोळी बनाएं।
