सावधान ! नौकरी में तनाव हो सकता है खतरनाक
अगर आप नौकरी को लेकर तनाव में हैं या फिर जहां आप नौकरी कर रहे हैं, वहां काम को लेकर अत्यधिक तनाव लेते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि अमेरिकन एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी में किए गए एक अध्ययन में यह बात सामने आई है।
एकेडमी द्वारा प्रकाशित होने वाले एक मेडिकल जर्नल न्यूरोलॉग में इस अध्ययन के बारे में जानकारी दी गई। इसमें पाया गया कि अपने कार्यालय में तनाव में रहने वाले लोगों में कम तनाव लेने वाले लोगों की अपेक्षा स्ट्रोक का खतरा 22 प्रतिशतक अधिक होता है।
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि नौकरीपेशा लोग, जिन्हें काम का दबाव अधिक रहता है और नौकरी पर नियंत्रण कम होता है, वे सामान्य वैज्ञानिक या आर्किटेक्ट जैसे सम्मानपूर्वक नौकरी करने वाले लोगों की तुलना में अधिक तनावपूर्ण रहते हैं। वहीं जो लोग अपना काम आनंद पूर्वक और बगैर किसी असुरक्षा के करते हैं, वे काफी कम तनाव में होते हैं।
अत्यधिक तनावपूर्ण नौकरी में अस्वस्थता और स्वास्थ्य में नकारात्मकता बढ़ने की संभावना अधिक होती है, जिसमें भोजन के प्रति नकारात्मक रवैया, धूम्रपान की आदत या जरूरत महसूस होना और व्यायाम की कमी भी शामिल है।
चाइना में किए गए एक अध्ययन के परिणाम भी कार्यस्थल पर अत्यधिक तनाव और स्ट्रोक के बीच संबंध को और पुख्ता करते हैं। इस अध्ययन में नौकरी को कर्मचारी का काम पर नियंत्रण, उससे उबरने का तरीका, मेहनत, नौकरी की मनोवैज्ञानिक मांग के आधार पर चार अलग-अलग वर्गों में बांटा गया और अध्ययन किया गया।
नौकरी में न केवल काम बल्कि समयसीमा के साथ ही मानसिक तनाव और समन्वय का दबाव भी शामिल होता है जो अत्यधिक तनाव लेने के लिए प्रेरित करता है। इस अध्ययन में अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि नौकरी में इस तरह के तनाव से जहां पुरूषों में स्ट्रोक का आंकड़ा 4.4 प्रतिशत तक था वहीं महिलाओं में यह आंकड़ा बढ़कर 6.5 तक पहु्ंच गया।