शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. सेहत
  3. हेल्थ टिप्स
  4. Yoga n Health
Written By

योगासन बढ़ाएं रोग प्रतिरोधक क्षमता

योगासन बढ़ाएं रोग प्रतिरोधक क्षमता - Yoga n Health
योग क्रियाएं शरीर के अंदर और बाहर के विकारों को तो ठीक करती ही है, मन को शांति भी देती है। तनाव या पीड़ा शारीरिक हो या मानसिक उसका सारे जीवन पर असर पड़ता है। योग की परंपरा सदियों पुरानी है जो आज भी उतनी ही सक्षम है जितनी पहले हुआ करती थी। 
 
अंतर यह है कि आज योग क्रियाओं और आसनों के साथ वैज्ञानिक पहलुओं को भी जोड़ लिया गया है। योग के साथ आधुनिक विज्ञान के जुड़ने से यह ज्यादा प्रभावी हो गया है। पद्मासन में पालथी मारकर बैठा जाता है। इसमें पहले दाएं पैर के टखने को बाएं कूल्हे पर इस तरीके से धीरे-धीरे लाएं कि पैर का तलवा ऊपर की ओर रहे। इसी प्रकार से बाएं पैर को दाएं कूल्हे पर रखें। 
 
इस पैर का तलवा भी ऊपर की ओर ही रहना चाहिए। इस स्थिति में जितनी देर आराम से बैठा जा सके बैठे रहें और प्राणायाम करें। शुरुआत कम समय से करें। योग विशेषज्ञ आचार्य विजय जी बताते हैं कि इस सामान्य से आसन के बहुत से फायदे हैं। 
 
रजोनिवृत्ति के समय महिलाओं को जो कष्ट होते हैं यह आसन करने से उन्हें उस दर्द से छुटकारा मिल सकता है। नियमित पद्मासन किया जाए तो गर्भवती महिलाओं को बच्चे को जन्म देने में आसानी होती है। 
 
पद्मासन के नियमित अभ्यास से पेट सहित शरीर के निचले हिस्से का अच्छा खासा व्यायाम हो जाता है। दूसरे कूल्हों, घुटनों और टखनों में भी लचीलापन आता है। इससे शरीर के कई केंद्र पर दबाव पड़ता है जिससे शरीर के कई अंग अपना काम सुचारु रूप से और पूरी क्षमता से करते हैं। 
 
योगासनों और विज्ञान के तालमेल द्वारा किसी भी गंभीर बीमारी के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आसनों को नियमित करने से शरीर का लचीलापन बना रहता है। रक्त संचार ठीक रहने के साथ ही नया रक्त बनाने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी सहयोग मिलता है।
ये भी पढ़ें
Precautions In Corona Virus : इम्यून सिस्टम को करें मजबूत, कोरोना से रहें दूर