उमरेठ विधायक गोविंदभाई परमार का हार्ट अटैक से निधन, गुजरात की राजनीति में शोक की लहर
Gujarat News in Hindi : गुजरात के राजनीतिक जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। आणंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक और गुजरात सरकार के पूर्व मंत्री गोविंदभाई रायजीभाई परमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। उनके आकस्मिक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह तड़के गोविंदभाई परमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। इसके तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए आणंद के एक अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह वर्तमान में 15वीं गुजरात विधानसभा में उमरेठ सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
गोविंदभाई ने गुजरात की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। एक विधायक और पूर्व मंत्री के रूप में उन्होंने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी। वे अपने सरल स्वभाव, सौम्य व्यक्तित्व और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए निरंतर संपर्क में रहने के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से उमरेठ क्षेत्र और राज्य की राजनीति में एक बड़ी रिक्तता पैदा हो गई है, साथ ही विधानसभा की एक सीट भी खाली हो गई है।
इस जननेता के निधन पर कई दिग्गज नेताओं और राजनीतिक हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दुख जताते हुए लिखा कि, उमरेठ के लोकप्रिय विधायक श्री गोविंदभाई परमार के दुखद निधन का समाचार सुनकर हृदय द्रवित हो उठा है। ईश्वर उनकी दिव्य आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।