अहमदाबाद का 'मेगा ट्रांसपोर्ट प्लान : 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले शहर में लग्जरी और ST बसों की नो-एंट्री
अहमदाबाद को वैश्विक स्तर पर चमकाने और ट्रैफिक की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए राज्य सरकार और अहमदाबाद नगर निगम (AMC) द्वारा ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कड़े कदम
शहर में बढ़ते ट्रैफिक लोड को कम करने के लिए आगामी 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स तक सभी निजी लग्जरी बसों और गुजरात राज्य परिवहन (ST) निगम की बसों का शहर के अंदर प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इन सभी बसों को शहर की बाहरी सीमा पर ही रोक दिया जाएगा, ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव कम हो सके।
'AmdavadNXT': पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत बनाने का संकल्प
साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित 'AmdavadNXT' प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर शहरी विकास मंत्री दर्शनाबेन वाघेला ने कहा, नागरिक अधिक से अधिक AMTS, BRTS और मेट्रो रेल का उपयोग करें, इसके लिए बुनियादी ढांचे में सुधार किया जाएगा। एक ही घर में कई निजी वाहन होने से होने वाली ट्रैफिक समस्याओं के प्रति जन जागरूकता लाई जाएगी। मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाओं में वृद्धि की जाएगी।
ग्रीन मोबिलिटी और 'नेट जीरो' लक्ष्य
अहमदाबाद की मेयर प्रतिभा जैन ने प्रधानमंत्री के 2070 'नेट जीरो' मिशन के अनुरूप भविष्य की रूपरेखा साझा की. प्रदूषण कम करने के लिए शहर में 3000+ इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए व्हीकल टैक्स में 100% की छूट दी गई है। एयरपोर्ट और गिफ्ट सिटी को जोड़ने वाली 4 नई मेट्रो लाइनों का प्रस्ताव तैयार है।
2036 ओलंपिक के लिए विजन
अहमदाबाद न केवल 2030 कॉमनवेल्थ, बल्कि 2036 ओलंपिक के लिए भी तैयार हो रहा है:
- ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर: सेकंड रिंग रोड, लॉजिस्टिक पार्क और रिवरफ्रंट के विस्तार के साथ अहमदाबाद को 'वर्ल्ड क्लास लिवेबल सिटी' बनाया जाएगा।
- अंतरराष्ट्रीय मानक: विदेशी प्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए शहर की छवि सुधारने के लिए फुटपाथों और सड़कों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।

