मतदान नहीं करने पर लगता है जुर्माना
FILE
राजकोट भवनगर राजमार्ग पर स्थित इस गांव के लोग हर स्थिति में मतदान करते हैं और यदि कोई मतदान नहीं कर सका तो उसे जुर्माना भरना पड़ता है।
इस छोटे से गांव में आजकल यही गहमागहमी है कि 13 दिसंबर को विधानसभा के पहले चरण के मतदान के लिए हर मतदाता वोट डाले।
गांव विकास समिति के अध्यक्ष हरदेसिंह जडेजा ने बताया कि गांव के हर नागरिक के लिए जरूरी है कि वह मतदान करे और जो ग्रामीण मतदान नहीं करता है उस पर ग्राम समिति 51 रुपए का जुर्माना लगाती है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई ग्रामीण किसी आवश्यक काम से गांव से बाहर है अथवा वह किसी अन्य जरूरी कारण से मतदान नहीं कर सकता है तो उस पर जुर्माना नहीं लगाया जाता है।
इस गांव में करीब एक हजार मतदाता हैं और पिछले चुनाव में इस गांव में करीब 80 प्रतिशत मतदान हुआ।
जडेजा ने कहा कि उनके गांव में सरपंच का चुनाव नहीं होता है बल्कि उसका चयन होता है। जडेजा राजकोट मार्केटिंग यार्ड के अध्यक्ष भी हैं।
गांव में पेड काटने, शराब पीने अथवा गुटका के इस्तेमाल, जुआ खेलने, चुडैल जैसी गतिविधि को बढ़ावा देने तथा सार्वजनिक स्थल पर पटाखे फोड़ने पर भी प्रतिबंध है।
इन्हीं सब की वजह से पिछले कई सालों से इस गांव में कोई आपराधिक घटना नहीं हुई और किसी ग्रामीण के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया। इस गांव को 2009 में निर्मल ग्राम पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। (वार्ता)

