1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. आने वाली फिल्म

पीपली लाइव की कहानी

पीपली लाइव
बैनर : यूटीवी मोशन पिक्चर्स, आमिर खान प्रोडक्शन्स
निर्माता : आमिर खान, किरण राव
निर्देशक : अनुषा रिज़वी
संगीत : इंडियन ओशन, राम संपत, नगीन तनवीर
कलाकार : ओंकार दास माणिकपुरी, रघुवीर यादव, मलाइका शिनॉय, नवाजुद्दीन सिद्दकी, शालिनी वास्ता, फारुख जफर
PR

बॉलीवुड में इस समय आमिर खान से ज्यादा विश्वसनीय नाम और कोई नहीं है। भले ही आमिर फिल्म के प्रोड्यूसर हों, लोग उनका नाम देखकर आश्वस्त हो जाते हैं कि फिल्म अ‍च्छी ही होगी। मनोरंजन के साथ कुछ नया देखने को मिलेगा। ‘पीपली लाइव’ से आमिर का नाम यदि नहीं जुड़ा होता तो शायद ही यह फिल्म इस वक्त इतनी चर्चा में होती। इस फिल्म को लेकर आम राय यह बन गई थी कि यह एक गंभीर फिल्म होगी, लेकिन आमिर ने स्पष्ट करते हुए कहा कि आजकल जो हो रहा है उसे व्यंग्यात्मक तरीके से फिल्म में पेश किया गया है। फिल्म में मीडिया का भी महत्वपूर्ण रोल है।


PR

पीपली भारत का एक छोटा-सा गाँव है। यहाँ नत्था नामक गरीब किसान अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी जमीन सरकार छीन रही है क्योंकि वह सरकार द्वारा दिया गया लोन चुकाने में असमर्थ है। एक तरफ जहाँ उसकी जमीन छीनी जा रही है तो दूसरी ओर सरकार उन किसानों के परिवारों की आर्थिक मदद कर रही है जिन्होंने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या कर ली। नत्था का भाई चाहता है कि नत्था आत्महत्या कर ले ताकि उनके परिवार को मुआवजा मिल जाए, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं है।

कुछ और लाचार किसान आत्महत्या करने की सोचते हैं ताकि उनके पारिवार का भला हो। कुछ दिनों बाद चुनाव होने वाला है और पीपली गाँव अचानक चर्चित हो जाता है। नेता, अफसर, मीडिया के लोग इस गाँव में डेरा डाल देते हैं। नत्था मरेगा या नहीं? यह मुद्दा बन जाता है, लेकिन किसी को नत्था के दर्द की परवाह नहीं है।


PR

आमिर के अनुसार यह ‘जाने भी दो यारो’ जैसी फिल्म है जो भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाती है साथ ही ग्रामीणों की सोच से हमें परिचित कराती है। महँगाई मुद्दे पर भी सरकार की खबर ली गई है।

निर्देशक के बारे में

पत्रकार रह चुकीं अनुषा रिजवी की यह ‍पहली फिल्म है। आमिर को ईमेल कर उन्होंने फिल्म का कंसेप्ट बताया था। प्रभावित होकर आमिर ने उन्हें मिलने बुलाया और कहानी सुनने के बाद निर्देशन का जिम्मा भी सौंप दिया। आमिर का कहना है कि अनुषा ने उनकी सोच से बेहतर काम किया है और उन्होंने अनुषा को अगली फिल्म के बारे में सोचने के लिए कहा है।

लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें