1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. आने वाली फिल्म
Written By समय ताम्रकर

गुड लक

गुड लक
PR
निर्माता : जगदीश शर्मा, करण
निर्दे‍शक : आदित्य दत्ता
गीतकार : समीर
संगीतकार : अनु मलिक
कलाकार : आर्यमन, सयाली भगत, रणवीर शौरी, लकी अली, अर्चना पूरन सिंह, शरत सक्सेना, मुश्ताक खान, नाज़नीन पटेल

विक्की (आर्यमन) एक उभरता हुआ गायक है और बड़े अवसर की तलाश में है। सबा (सयाली भगत) एक विज्ञापन एजेंसी में काम करती है। सबा का भाग्य बेहद बुलंद है और सफलता उसके हर कदम पर उसका इंतजार करती है। सबा का गुड लक चार्म उसके चुंबन में है।

एक दिन पार्टी में सबा गलती से विक्की को चूम लेती है। इसके बाद तो विक्की के वारे-न्यारे हो जाते हैं। संगीत जगत की जानी-मानी हस्ती तरुण चोपड़ा (लकी अली) विक्की को गाने के लिए चुन लेते हैं और विक्की का सपना पूरा हो जाता है।

विक्की को चूमने के बाद सबा का भाग्य उससे रूठ जाता है। उसकी नौकरी छूट जाती है और उसकी हालत बहुत बुरी हो जाती है। टैरो कार्ड रीडर (अर्चना पूरन सिंह) उसे बताती है कि यदि वह विक्की को फिर से किस कर ले तो उसका गुड लक फिर से लौट सकता है।

IFM
सबा के सामने मुसीबत यह है कि वह विक्की को पहचाने कैसे, क्योंकि पार्टी में उसने मास्क पहन रखा था। विक्की की खोज की जाती है। इसी बीच सबा को विक्की से प्यार हो जाता है, लेकिन उसे पता नहीं चलता कि विक्की वही इनसान है, जिसे वह खोज रही है।

आखिरकार एक दिन सबा को पता चल ही जाता है। उसका स्वार्थ जाग उठता है और वह विक्की का चुंबन ले लेती है। विक्की फिर से संघर्ष की राह पर खड़ा हो जाता है। सबा को महसूस होता है कि उसने विक्की के साथ गलत किया है। प्यार की जीत होती है। वह विक्की को फिर से किस करती है और दोनों को ‍सफलता मिलना शुरू हो जाती है।

PR
इस प्रेम कहानी में कुछ बाधाएँ भी हैं। टैरो कार्ड रीडर ने सबा के किस का राज पुलिस ऑफिसर (शरत सक्सेना), सबा के बॉस (नाज़नीन पटेल), रणवीर शौरी को बता दिया है। ये लोग और टैरो कार्ड रीडर इस कोशिश में लगे रहते हैं कि एक बार सबा उन्हें किस दे दे। कैसे सबा और विक्की अपना गुड लक बचाए रखते हैं, यह फिल्म में हास्य अंदाज में दिखाया गया है।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें