1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. priyanka chopra hollywood big announcement new project with angelina jolie

प्रियंका चोपड़ा का इंटरनेशनल धमाका, एंजेलिना जोली संग शेयर करेंगी स्क्रीन

Priyanka Chopra Angelina Jolie project
ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा जोनास ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके सपनों और उड़ानों की कोई सीमा नहीं है। सालों की कड़ी मेहनत और इंटरनेशनल लेवल पर पहचान बनाने के बाद, प्रियंका अब अपने करियर के उस सुनहरे दौर में हैं जहां स्क्रिप्ट्स उनके लिए खास तौर पर कस्टमाइज़ की जा रही हैं। 
 
हाल ही में 'फॉर्च्यून इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका ने दो ऐसी बड़ी घोषणाएं की हैं, जिसने भारतीय सिनेमा से लेकर हॉलीवुड तक हलचल मचा दी है। प्रियंका चोपड़ा ने पुष्टि की है कि वे हॉलीवुड की ए-लिस्ट स्टार और ऑस्कर विजेता एक्ट्रेस एंजेलिना जोली के साथ एक नए प्रोजेक्ट पर काम करने जा रही हैं। 
हालांकि, प्रियंका ने इस प्रोजेक्ट के फॉर्मेट को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार रखा है। फैंस इस बात को लेकर बेहद उत्सुक हैं कि यह ऐतिहासिक सहयोग किसी हॉलीवुड फिल्म के जरिए होगा, कोई बड़ा एडवर्टाइजिंग कैंपेन होगा या फिर वैश्विक स्तर का कोई सोशल वेलफेयर काम। 
 
इंटरव्यू के दौरान प्रियंका ने बताया कि वे एंजेलिना जोली, पेनेलोप क्रूज़ और सलमा हायेक जैसी हॉलीवुड महिलाओं से बेहद प्रेरित हैं और उन्हें अपना अच्छा दोस्त मानती हैं। 
 
7 साल बाद देश वापसी 
एक तरफ जहां प्रियंका हॉलीवुड में नए झंडे गाड़ रही हैं, वहीं पूरे 7 साल के लंबे अंतराल के बाद वे भारतीय फिल्मों में भी वापसी कर रही हैं। वे दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली की आने वाली पैन-इंडियन एक्शन-एडवेंचर फिल्म 'वाराणसी' में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है। 
वाराणसी फिल्म के स्केल और अनुभव को साझा करते हुए प्रियंका ने बताया कि फिल्म के सेट पर काम करना जितना फोकस-ड्रिवेन है, उतना ही मजेदार भी है। हैदराबाद शेड्यूल के दौरान सेट पर सभी कलाकारों के परिवार मौजूद रहते थे। काम के बीच में हंसी-मजाक, रिहर्सल और साथ बैठकर आईपीएल मैच देखने का अनुभव बेहद कमाल का रहा। 
 
अपने करियर के इस मुकाम पर बात करते हुए प्रियंका भावुक भी हुईं। उन्होंने स्वीकार किया कि जब उन्होंने करियर शुरू किया था, तब उनके पास चुनने की आजादी नहीं थी। लेकिन आज वे अपनी शर्तों पर प्रोजेक्ट्स चुन और बना सकती हैं। प्रियंका ने अपने पति निक जोनास की एक बात का जिक्र किया, जिन्होंने पॉप स्टार बियॉन्से को कोट करते हुए प्रियंका से कहा था— "तुम अब अपने बलिदान के दूसरे छोर पर खड़ी हो।" 
 
'वाराणसी' और एंजेलिना जोली प्रोजेक्ट के अलावा भी प्रियंका का हॉलीवुड कैलेंडर पूरी तरह पैक है। वे जल्द ही 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' फेम ऑरलैंडो ब्लूम के साथ एक पीपीपी को-प्रोडक्शन फिल्म में नजर आएंगी। इसके अलावा उनके पास मशहूर डायरेक्टर मीरा नायर की बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म 'अमरी' और निकोलस स्टोलर की कॉमेडी फिल्म 'जजमेंट डे' भी है, जिसमें वे विल फेरेल और जैक एफ्रॉन जैसे बड़े हॉलीवुड स्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'कॉकटेल 2' को 'A' सर्टिफिकेट मिलने पर भड़के शाहिद कपूर, बोले- फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं...