फिल्म : कुर्बान निर्देशक : रेंसिल डीसिल्वा संगीत : सलीम सुलैमान कलाकार : सैफ अली खान, करीना कपूर, विवेक ओबेराय, दीया मिर्जा, ओम पुरी, किरण खेर।
बहुत दिनों से चर्चित, लगातार खबरों में बनी रहने वाली फिल्म 'कुर्बान' जल्दी ही दर्शकों के सामने होगी। फिल्म में सैफीना यानी सैफ अली खान व करीना कपूर की जोड़ी है। वास्तविक जीवन में भी एक-दूजे के प्रेम का इकरार कर चुके इन दोनों कलाकारों ने इस फिल्म में भी प्रेमी-प्रेमिका तथा बाद में पति-पत्नी का रोल किया है।
अमेरिका की राजधानी न्यूयॉर्क में साइकोलॉजी की प्रोफेसर अवंतिका (करीना कपूर) अपने बीमार पिता को देखने भारत आती हैं। यहीं अहसान (सैफ अली खान) भी रहता है जो उसी विश्वविद्यालय में पढ़ाता है जहाँ अवंतिका अस्थाई रूप से पढ़ाने लगती है। दोनों में प्रेम होता है और बेटी की इच्छा देख अवंतिका के पिता भी अहसान को स्वीकार कर लेते हैं।
IFM
दोनों की शादी हो जाती है और वे अमेरिका चले जाते हैं। यहाँ पहुँचकर अवंतिका अपने पति के लिए एक नौकरी भी ढूँढ देती है। यहाँ उन्हें पड़ोसी के रूप में एक रूढ़ीवादी मुस्लिम परिवार मिलता है। अवंतिका उन लोगों के बीच सहज नहीं रह पाती तथा अहसान की गतिविधियाँ भी उसे शंका में डालती रहती हैं।
ऐसे ही समय में उसकी भेंट सलमा नाम की एक युवती से होती है जो उसे अहसान के बारे में काफी कुछ बताती है। तब अवंतिका को पता चलता है कि अहसान जो नजर आता है उसके अलावा भी बहुत कुछ है। वैसे यह एक प्रेम कथा है लेकिन इसके बीच आज का ज्वलंत मुद्दा आतंकवाद भी है और उससे जूझते लोग भी।
ND
फिल्म किसी भी विषय पर हो पर उसमें ऐसी चीजें जरूर होना चाहिए, जिन्हें आसानी से बेचा जा सके। सो फिल्म के प्रचार में इस मुद्दे के अलावा कई चीजें हैं। सैफ-करीना की जोड़ी वैसे भी चर्चित है लेकिन उससे ज्यादा चर्चा हो रही है फिल्म में दोनों के चुंबन दृश्य की।
इसे अब तक का सबसे लंबा चुंबन दृश्य कहकर प्रचारित किया जा रहा है। कई दिनों तक इसकी चर्चा रही। बाद में आने वाली खबरें इससे आगे की हैं। इन खबरों के मुताबिक दोनों ने फिल्म में बोल्ड सीन भी दिए हैं अब उनकी चर्चा चल रही है। बहरहाल फिल्म नवंबर माह में दर्शकों के सामने होगी।