बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान ने एक बार फिर अपनी 2017 की फिल्म अक्सर 2 को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। हाल ही में पूजा भट्ट के साथ मैमथ मीडिया एशिया के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान जरीन ने कहा कि फिल्म साइन करते समय उन्हें जो कहानी सुनाई गई थी, सेट पर पहुंचने के बाद सब कुछ उससे बिल्कुल अलग निकला। जरीन का कहना है कि हालात इतने खराब हो गए थे कि फिल्म पूरी होने के बाद उन्हें अपनी ही फिल्म की स्क्रीनिंग में भी नहीं बुलाया गया।
हेट स्टोरी 3 के बाद इंडस्ट्री ने किया जज
जरीन खान ने बताया कि हेट स्टोरी 3 के बाद इंडस्ट्री में उन्हें लेकर लोगों की सोच बदल गई थी। कई लोगों ने उन्हें लेकर नकारात्मक टिप्पणियां भी कीं। जरीन के मुताबिक, कुछ लोग यह तक कहने लगे कि वह अभिनय नहीं कर सकतीं, इसलिए उन्होंने बोल्ड सीन करने का रास्ता चुना।
जरीन ने कहा कि इस तरह की बातें सुनना उनके लिए काफी मुश्किल था, लेकिन उन्होंने अपने काम पर फोकस बनाए रखा।
अक्सर 2 के लिए सुनाई गई थी अलग कहानी
जरीन खान के मुताबिक, जब निर्देशक अनंत महादेवन ने उन्हें फिल्म की कहानी सुनाई, तो उन्होंने इसे एक अलग तरह की फिल्म बताया था। जरीन ने कहा कि निर्देशक ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि यह फिल्म हेट स्टोरी जैसी बोल्ड कंटेंट पर आधारित नहीं होगी।
लेकिन अभिनेत्री का दावा है कि शूटिंग शुरू होते ही हालात बदल गए। उनके मुताबिक, कई सीन अचानक ऐसे लिखे जाने लगे जिनमें किस या बोल्ड सीन शामिल थे।
जरीन ने कहा कि उन्हें बोल्ड सीन करने से सिद्धांत रूप से कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन समस्या यह थी कि फिल्म का ब्रीफ अचानक बदल दिया गया था।
लोगों के पैसे दांव पर थे, इसलिए फिल्म पूरी की
जरीन खान ने बताया कि शूटिंग के दौरान टीम के बीच कई बार मतभेद भी हुए। उनके अनुसार, फिल्म के प्रोड्यूसर चाहते थे कि लगभग हर सीक्वेंस में बोल्ड सीन जोड़े जाएं, क्योंकि उन्होंने पहले ऐसी फिल्म में काम किया था।
हालांकि, तमाम तनाव के बावजूद जरीन ने फिल्म पूरी करने का फैसला किया। उनका कहना है कि वह किसी का नुकसान नहीं चाहती थीं, क्योंकि फिल्म में कई लोगों का पैसा लगा हुआ था।
लेकिन हालात इतने खराब हो गए थे कि फिल्म रिलीज के समय उन्हें अपनी ही फिल्म की स्क्रीनिंग में नहीं बुलाया गया।
निर्देशक अनंत महादेवन ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, निर्देशक अनंत महादेवन ने पहले इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि फिल्म पूरी योजना और तैयारी के साथ बनाई गई थी। उनका कहना था कि हर सीन की पहले से रिहर्सल की गई थी और किसी तरह की कन्फ्यूजन नहीं थी।
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में दिखाए गए रोमांटिक सीन असामान्य नहीं थे और आजकल लगभग हर फिल्म में ऐसे सीन देखने को मिलते हैं। उनके मुताबिक, फिल्म में कुछ लंबे किसिंग सीन भी शूट किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें एडिट कर दिया गया ताकि फिल्म को ए सर्टिफिकेट न मिले।