कौन हैं 'अस्सी' में रेप सर्वाइवर का किरदार निभा रहीं कानी कुसृति, Cannes में भी लहरा चुकी हैं परचम
फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा एक बार फिर सामाजिक मुद्दे पर आधारित फिल्म 'अस्सी' लेकर आ रहे हैं। यह एक रेप सर्वाइवर परिमा की कहानी हैं। इस फिल्म में तापसी पन्नू जहां वकील के किरदार में दिखेंगी, वहीं कानी कुसृति रेप सर्वाइवर परिमा के रोल में नजर आने वाली हैं।
फिल्म के ट्रेलर रिलीज के बाद से कानी की जमकर चर्चा हो रही हैं। ट्रेलर में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने वाली कानी ने दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर यह प्रतिभावान अभिनेत्री कौन है?
कानी कुसृति का जन्म केरल के तिरुवनंतपुरम के एक छोटे से गांव में हुआ। उनके माता-पिता, जयश्री ए.के. और मैत्रेय मैत्रेयन, प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता हैं। कानी की परवरिश बेहद प्रगतिशील माहौल में हुई। उनके माता-पिता ने जातिवाद और सामाजिक भेदभाव को मिटाने के लिए अपना सरनेम तक छोड़ दिया था।
15 साल की उम्र तक कानी का कोई सरनेम नहीं था। जब 10वीं की परीक्षा के फॉर्म में सरनेम भरना अनिवार्य हुआ, तो उन्होंने खुद 'कुसृति' चुना, जिसका मलयालम में अर्थ होता है 'शरारती'। कानी केवल किस्मत के भरोसे एक्टिंग में नहीं आईं, बल्कि उन्होंने इसे बाकायदा सीखा है:
अभिनय थिएटर रिसर्च सेंटर से से उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं। त्रिशूर स्कूल ऑफ ड्रामा से उन्होंने थिएटर कला में डिग्री हासिल की। कानी ने पेरिस के प्रतिष्ठित एलइकोल इंटरनेशनल डी थिएटर जैक्स लेकोक से दो साल तक 'फिजिकल थिएटर' की विशेष ट्रेनिंग ली है।
फिल्मी सफर और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां
कानी ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और साल 2009 में फिल्म 'केरल कैफे' से उन्हें पहचान मिली। लेकिन उनके करियर का टर्निंग पॉइंट फिल्म 'बिरयानी' (2019) साबित हुई। 'बिरयानी' के लिए कानी को केरल राज्य फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और मॉस्को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ब्रिक्स अवॉर्ड मिला।
साल 2024 में कानी की फिल्म All We Imagine As Light ने कांस फिल्म फेस्टिवल में 'Grand Prix' जीतकर इतिहास रच दिया। कानी हिंदी दर्शकों के बीच अपनी वेब सीरीज के जरिए पहले ही लोकप्रिय हो चुकी हैं। महारानी में रानी भारती की सचिव कावेरी के किरदार में उन्हें खूब सराहा गया। इसके अलावा वह ओके कंप्यूटर और किलर सूप में भी नजर आईं।
फिल्म अस्सी में चुनौतीपूर्ण किरदार
फिल्म अस्सी में कानी 'परिमा' नाम की एक स्कूल टीचर की भूमिका निभा रही हैं, जो एक जघन्य अपराध की शिकार होती है। ट्रेलर में उनकी खामोशी और आंखों का दर्द दर्शकों को झकझोर देता है। इस फिल्म में तापसी पन्नू उनकी वकील का किरदार निभा रही हैं।