'आप हमेशा याद आएंगे', ससुर के निधन से टूटा कियारा आडवाणी का दिल, लिखा इमोशनल पोस्ट
बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभिनेता के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन हो गया है। इस खबर के सामने आने के बाद से ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री और फैंस सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
सिद्धार्थ और उनकी पत्नी कियारा आडवाणी इस वक्त दिल्ली में हैं, जहां उन्होंने पिता का अंतिम संस्कार किया। सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि उनके पिता ने हमेशा ईमानदारी और ऊंचे मूल्यों के साथ जीवन जिया। सिद्धार्थ ने बताया कि मर्चेंट नेवी में कैप्टन रहे उनके पिता ने बीमारी का सामना भी बड़ी बहादुरी और मुस्कुराहट के साथ किया। सिद्धार्थ के लिए उनके पिता की दी हुई सीख ही उनकी असली विरासत है।
कियारा आडवाणी ने भी अपने ससुर के साथ बिताए सुनहरे पलों को याद किया। कियारा ने अपनी शादी की कुछ तस्वीरें साझा करके हुए लिखा, शुरुआत से ही आपने मुझे खुले दिल से अपनाया। आपका प्यार निस्वार्थ था और आपकी कहानियां व चुटकुले हमेशा हमें हंसाते थे। आपने हम सबकों हमेशा संभाला।
कियारा ने लिखा, 'आप हमेशा प्यार से मिले। दिल से दिया। परिवार आपके लिए जरूरी था। जब भी जरूरत पड़ी, आप हर बार साथ खड़े रहे। ध्यान से सुना, छोटी-छोटी बातें याद रखीं, और बिना किसी उम्मीद के सबके लिए करते रहे। आपकी बातें, आपकी हंसी, आपका हौसला और आपका सच्छा दिल- ये सब हमेशा याद रहेगा।
उन्होंने लिखा, आप अपने पीछे प्यार, सच्चाई और अच्छे संस्कार छोड़ गए हैं। ये आपके बच्चों, नाती-पोतों और हम सबमें हमेशा जिंदा रहेगा। आप शांति से आराम कीजिए। आप हमेशा याद आएंगे, हमेशा दिल में रहेंगे।'
कौन थे सुनील मल्होत्रा?
सुनील मल्होत्रा भारतीय मर्चेंट नेवी में एक प्रतिष्ठित कैप्टन रह चुके थे। सिद्धार्थ ने अक्सर अपने इंटरव्यू में जिक्र किया है कि उनके करियर और व्यक्तित्व को गढ़ने में उनके पिता का बहुत बड़ा योगदान रहा है। वह पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।