'धुरंधर 2' की शूटिंग के दौरान उड़े नियम, बीएमसी ब्लैकलिस्ट करेगा आदित्य धर का स्टूडियो
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुंरधर 2' का फैस फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर : द रिवेंज' इस समय कानूनी पचड़ों में फंसी हुई है। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली है, लेकिन मुंबई में शूटिंग के दौरान हुई गंभीर लापरवाही ने निर्माताओं के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।
मुंबई महानगरपालिका (BMC) के ए-वार्ड कार्यालय ने फिल्म के प्रोडक्शन बैनर 'B62 स्टूडियोज' को ब्लैकलिस्ट करने का कड़ा फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। बीएमसी के अनुसार धुरंधर 2 की शूटिंग केसमय कई बार नियमों को तोड़ा गया है।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, प्रोडक्शन टीम ने दक्षिण मुंबई के हाई-सिक्योरिटी 'फोर्ट' इलाके में बिना अनुमति के शूटिंग की। बीएमसी ने अपने बयान में कहा, प्रोडक्शन हाउस ने लिखित आश्वासन दिया था कि वे किसी भी ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग नहीं करेंगे, लेकिन इसके बावजूद देर रात वहां मशालें जलाई गईं। नियमों के बार-बार उल्लंघन के कारण B62 स्टूडियोज, कोमल पोखरियाल और नासिर खान को महाराष्ट्र फिल्म पोर्टल से स्थायी रूप से प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।
फिल्म की टीम पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, जिनके कारण मुंबई पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। 14 फरवरी की रात दक्षिण मुंबई में प्रतिबंधित क्षेत्र में जलती हुई मशालों का उपयोग किया गया, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। फोर्ट जैसे संवेदनशील इलाके में बिना परमिट के ड्रोन उड़ाने पर लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मीकि के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
टीम ने बिना स्थानीय अनुमति के जनरेटर वैन चलाईं और इमारतों की छतों पर शूटिंग की। बीएमसी ने स्टूडियो पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और उनकी 25,000 रुपये की सुरक्षा राशि भी जब्त कर ली है। बीएमसी ने इस मामले में डीएमसी को औपचारिक पत्र भेजकर स्टूडियो पर राज्य के सिंगल-विंडो फिल्मिंग पोर्टल के जरिए शूटिंग करने पर स्थायी रोक लगाने का प्रस्ताव दिया है।
'धुरंधर 2' साल 2025 की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' का सीधा सीक्वल है। फिल्म की कहानी रॉ हमजा अली मजारी (रणवीर सिंह) के इर्द-गिर्द घूमती है। हमजा पाकिस्तान के कराची में घुसकर आतंकी नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने और 26/11 हमलों के मास्टरमाइंड्स से बदला लेने के मिशन पर है।