The 50 के विनर बने शिव ठाकरे, फैन को मिले 50 लाख रुपए
रियलिटी शो के बाप The 50 में टीवी और सोशल मीडिया की दुनिया के सबसे चर्चित चेहरों के बीच चल रही जंग अब थम गई है। इस शो को अपना विनर मिल गया है। शिव ठाकरे The 50 के विनर बने हैं। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें 'रियलिटी शो का किंग' क्यों कहा जाता है।
'द 50' के ग्रैंड फिनाले में शिव ठाकरे ने अपनी सूझबूझ और ताकत के दम पर शानदार जीत हासिल की है। उन्हें ट्रॉफी के साथ 50 लाख रुपए की प्राइम मनी मिली। हालांकि शो के फॉर्मेट के हिसाब से जीती हुई रकम शिव ने अपने फैन को दे दी।
'द 50' का सफर 1 फरवरी 2026 को 50 मशहूर कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुआ था। कड़े टास्क और एलिमिनेशन के बाद टॉप 5 में शिव ठाकरे, मिस्टर फैजू, कृष्णा श्रॉफ, राजत दलाल और इम्मोर्टल काका पहुंचे थे। आखिरी टास्क में मुकाबला बेहद करीबी था, लेकिन शिव ने फैजू को महज कुछ सेकंड के अंतर से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फैन की खुली किस्मत
इस शो की सबसे खास बात इसकी प्राइज मनी थी। शो के फॉर्मेट के अनुसार, विजेता की जीत का सीधा फायदा उनके एक रजिस्टर्ड फैन को मिलना था। शिव ठाकरे के विजेता बनते ही उनके फैन सीताराम प्रह्लाद अघाव को 50 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि इनाम में मिली। एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले सीताराम ने इस जीत पर शिव का आभार व्यक्त किया।
प्रिंस नरूला का बड़ा त्याग
शिव की इस जीत में प्रिंस नरूला का भी अहम योगदान रहा। सेमी-फाइनल के दौरान प्रिंस ने 'टिकट टू फिनाले' जीता था, लेकिन उन्होंने अपनी जगह शिव ठाकरे को दे दी। प्रिंस ने कहा कि वह पहले भी कई शो जीत चुके हैं और वह चाहते थे कि शिव जैसे सच्चे खिलाड़ी को यह मौका मिले।
शिव ठाकरे की पहचान एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में है जो जमीन से उठकर शिखर तक पहुंचे हैं। शिव ने अपने करियर की शुरुआत 2017 में एमटीवी रोडीज से की थी, जहां वे सेमी-फाइनलिस्ट रहे। साल 2019 में शिव ने 'बिग बॉस मराठी 2' की ट्रॉफी जीतकर पहली बड़ी सफलता हासिल की। सलमान खान के शो 'बिग बॉस 16' में शिव रनर-अप रहे, लेकिन उन्होंने पूरे देश का दिल जीता।
रोहित शेट्टी के इस स्टंट शो 'खतरों के खिलाड़ी 13' में भी शिव टॉप 5 तक पहुंचे। अब 'द 50' का पहला सीजन जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ लिया है।
क्या था The 50 शो का फॉर्मेट
यह शो मशहूर इंटरनेशनल फॉर्मेट 'Les Cinquante' पर आधारित था। इसमें 50 सेलेब्रिटीज को एक महलनुमा सेट पर 50 दिनों तक बंद रखा गया, जहां उन्हें शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। शो की मेजबानी मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान ने की।