राज-डीके की सुपरहीरो फिल्म में सलमान खान के साथ सामंथा रुथ प्रभु?
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। खबरें हैं कि वह जल्द ही प्रोड्यूसर दिल राजू की एक फिल्म में साउथ की सुपरस्टार नयनतारा के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करते नजर आ सकते हैं। इसी बीच इंडस्ट्री में एक और दिलचस्प खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान फिल्ममेकर जोड़ी राज निदिमोरु और कृष्णा डीके यानी राज-डीके की अगली फिल्म में अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु के साथ दिखाई दे सकते हैं। अगर यह कास्टिंग फाइनल होती है तो यह जोड़ी दर्शकों के लिए एक बिल्कुल नया और दिलचस्प कॉम्बिनेशन साबित हो सकती है।
राज-डीके की फिल्म में सामंथा का नाम आगे
मिडे की रिपोर्ट अनुसार सलमान खान राज-डीके के साथ एक सुपरहीरो फिल्म को लेकर शुरुआती बातचीत कर रहे हैं। अब सूत्रों का कहना है कि इस फिल्म के लिए सामंथा रुथ प्रभु का नाम सबसे आगे चल रहा है।
बताया जा रहा है कि सामंथा और राज-डीके के बीच पहले से मजबूत क्रिएटिव रिश्ता है। अभिनेत्री इससे पहले उनकी चर्चित वेब सीरीज़ द फैमिली मैन के दूसरे सीजन में नजर आ चुकी हैं, जहां उनके अभिनय को खूब सराहना मिली थी। इसी वजह से मेकर्स को लगता है कि वह इस नए प्रोजेक्ट के किरदार में पूरी तरह फिट बैठ सकती हैं।
अगस्त में शुरू हो सकती है फिल्म की शूटिंग
फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है कि निर्माता इस प्रोजेक्ट को जल्द ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो राज-डीके की यह फिल्म अगस्त तक फ्लोर पर जा सकती है।
हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इंडस्ट्री में इस संभावित कास्टिंग को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। सलमान खान और सामंथा रुथ प्रभु की जोड़ी बड़े पर्दे पर कैसी नजर आएगी, यह देखने के लिए फैंस भी काफी उत्साहित हैं।
पहले नयनतारा के साथ शुरू होगी नई फिल्म
दिलचस्प बात यह है कि सामंथा के साथ कैमरे के सामने आने से पहले सलमान खान दिल राजू के प्रोडक्शन की फिल्म पर काम शुरू करेंगे। इस फिल्म का निर्देशन तेलुगु सिनेमा के चर्चित निर्देशक वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार इस फिल्म के लिए नयनतारा का नाम महिला लीड के तौर पर सबसे आगे है, हालांकि अभी बातचीत जारी है। बताया जा रहा है कि यह एक पैन-इंडिया एक्शन एंटरटेनर होगी और इसकी शूटिंग अप्रैल के आसपास शुरू हो सकती है।
सलमान खान के नए कॉम्बिनेशन से बढ़ी उम्मीदें
अगर आने वाले समय में ये दोनों प्रोजेक्ट्स आधिकारिक रूप से घोषित होते हैं तो सलमान खान लगातार दो अलग-अलग और ताजा जोड़ी के साथ बड़े पर्दे पर नजर आ सकते हैं। एक तरफ नयनतारा के साथ उनकी पहली फिल्म होगी, तो दूसरी ओर सामंथा रुथ प्रभु के साथ संभावित सुपरहीरो फिल्म दर्शकों के लिए नया अनुभव ला सकती है।
फिलहाल इंडस्ट्री में इन खबरों को लेकर चर्चा तेज है और फैंस अब सलमान खान की इन नई फिल्मों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।