राम चरण और उपासना ने किया अपने जुड़वा बच्चों का नामकरण, जानें क्या है इनका आध्यात्मिक मतलब
साउथ सुपरस्टार राम चरण और उपासना कोनिडेला साल 2026 डबल खुशियां लेकर आया है। कपल 31 जनवरी को जुड़वां बच्चों के माता पिता बने हैं। राम चरण और उपासना एक बेटे और एक बेटी के पेरेंट्स बने। वहीं अब राम चरण ने अपने बच्चों के नाम का खुलासा कर दिया है।
हाल ही में राम चरण और उपासना ने हैदराबाद स्थित अपने घर पर नामकरण समारोह आयोजित किया। कपल ने अपने जुड़वां बच्चों का नामकरण बेहद खास और आध्यात्मिक तरीके से किया। उन्होंने अपने बेटे का नाम शिवराम और बेटी का नाम अनवीरा देवी रखा है।
क्या होता है मतलब
शिवराम (Shivram) – यह नाम भगवान शिव और भगवान राम का मेल है। साथ ही, यह राम चरण के पिता मेगास्टार चिरंजीवी के असली नाम 'शिव शंकर वरा प्रसाद' को एक श्रद्धांजलि भी है।
अनवीरा देवी (Anveera Devi) – 'अनवीरा' का अर्थ है असीम साहस और शक्ति। इसमें 'देवी' शब्द सौम्यता और गरिमा को दर्शाता है।
वैरायटी इंडिया संग बात करते हुए रामचरण ने कहा, इनका नामकरण हम दोनों के लिए एक बेहद निजी और आध्यात्मिक निर्णय था। उपासना और मैंने इस पर चर्चा की, लेकिन हमारे माता-पिता इस यात्रा का अहम हिस्सा थे। हमारी संस्कृति में बड़ों को ज्ञान और आशीर्वाद देने वाला माना जाता है। इसलिए इस प्रक्रिया में उनकी उपस्थिति हमारे लिए बहुत मायने रखती थी।
राम चरण और उपासना की लव स्टोरी किसी फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी। शुरुआत में वे सिर्फ अच्छे दोस्त थे, लेकिन धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। साल 2012 में एक भव्य समारोह में दोनों ने शादी की। 11 साल के लंबे इंतजार के बाद, 2023 में उनके घर पहली बेटी क्लिन कारा का जन्म हुआ। अब 2026 में जुड़वां बच्चों के आने से उनका परिवार पूरा हो गया है।