क्या 66 साल की उम्र में प्रेग्नेंट हैं नीना गुप्ता? एक्ट्रेस ने दिया मजेदार जवाब
बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा नीना गुप्ता अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में वे हैदराबाद में साउथ सुपरस्टार रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के ग्रैंड वेडिंग रिसेप्शन में शामिल हुईं। लेकिन इस पार्टी के बाद उनकी तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर एक अलग ही बहस छेड़ दी। यूजर्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि नीना गुप्ता 66 साल की उम्र में प्रेग्नेंट हैं।
अब नीना गुप्ता ने खुद इन अफवाहों पर अपनी मजेदार प्रतिक्रिया दी है। रिसेप्शन पार्टी से नीना गुप्ता का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी मसाबा गुप्ता द्वारा डिजाइन की हुई आइवरी रंग की साड़ी पहनी थी। साड़ी में नीना का लुक देख लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि उनका 'बेबी बंप' नजर आ रहा है। कुछ यूजर्स ने तो इसे फिल्म 'बधाई हो' का रियल लाइफ वर्जन तक करार दे दिया।
अब नीना गुप्ता ने बॉलीवुड हंगामा संग बात करते हुए कहा, यहां कोई 'बधाई हो' नहीं हो रही है। मैं प्रेग्नेंट नहीं हूं। दरअसल, उस साड़ी का फैब्रिक काफी मोटा था, जिसकी वजह से मैं तस्वीरों और वीडियो में थोड़ी भारी नजर आ रही थी। लेकिन मुझे यह कहना होगा कि इस उम्र में मेरी प्रेग्नेंसी को लेकर हो रही ये सारी अटकलें मुझे बहुत अच्छी लग रही हैं। इससे पता चलता है कि हम राष्ट्र के रूप में विकसित हो रहे हैं।
बता दें कि नीना गुप्ता का जीवन किसी फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं है। 80 के दशक में उनकी और वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स की प्रेम कहानी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। नीना और विवियन का रिश्ता तब चर्चा में आया जब नीना शादी के बिना प्रेग्नेंट हो गईं।
नीना ने खुलासा किया था कि उन्होंने मसाबा की परवरिश के लिए विवियन रिचर्ड्स से कभी कोई आर्थिक मदद नहीं मांगी। उन्होंने अपने स्वाभिमान और मेहनत के दम पर अपनी बेटी को आज भारत की टॉप फैशन डिजाइनर बनाया है।