साल 2025 अक्षय खन्ना के करियर के लिए बेहद खास साबित हुआ है। इस साल उन्होंने बिना किसी आक्रामक प्रमोशन और पब्लिक अपीयरेंस के, सिर्फ अपनी अदाकारी के दम पर दर्शकों और आलोचकों का दिल जीता। साल की शुरुआत में फिल्म छावा में औरंगजेब के किरदार ने उन्हें गंभीर और सशक्त अभिनेता के रूप में फिर से स्थापित किया। उनकी आंखों की गहराई और शांत लेकिन असरदार अभिनय लंबे समय तक चर्चा में रहा।
दिसंबर आते-आते रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर में रहमान डकैत के रोल ने मानो इतिहास रच दिया। कम संवादों में डर पैदा करना और हर सीन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराना, यही अक्षय खन्ना की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी।
धुरंधर में विलेन बनकर लूट ली पूरी लाइमलाइट
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर में अक्षय खन्ना का इंटेंस लुक, सधी हुई डायलॉग डिलीवरी और खामोशी में छिपा खौफ सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। फिल्म के कई सीन क्लिप्स और रील्स के जरिए चर्चा में हैं, जहां फैंस उन्हें फिल्म का सबसे मजबूत स्तंभ बता रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है और भारत में ही 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। इतनी बड़ी सफलता के बावजूद अक्षय खन्ना हमेशा की तरह लाइमलाइट से दूरी बनाए हुए हैं, जो उन्हें बाकी सितारों से अलग बनाता है।
सफलता के शोर से दूर, सादगी में जीते अक्षय खन्ना
अक्षय खन्ना उन चुनिंदा अभिनेताओं में गिने जाते हैं, जो फिल्म हिट होने के बाद न तो सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखते हैं और न ही इंटरव्यू की कतार लगाते हैं। न जीत का जश्न, न सेलिब्रेशन की तस्वीरें। यही शांत स्वभाव और निजी जिंदगी को निजी रखने की आदत उन्हें खास बनाती है। उनकी यह सादगी ही शायद वजह है कि दर्शक उन्हें सिर्फ एक स्टार नहीं, बल्कि एक गंभीर कलाकार के तौर पर देखते हैं।
आलीशान बंगले में कराया वास्तु शांति हवन
फिल्मी कामयाबी के बीच अब अक्षय खन्ना का एक अलग ही पहलू चर्चा में है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया गया है कि उन्होंने अपने अलीबाग स्थित आलीशान बंगले में वास्तु शांति हवन कराया है। यह पूजा घर में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और समृद्धि के लिए कराई जाती है। वीडियो में धार्मिक अनुष्ठान की झलक दिखाई देती है, जो अक्षय खन्ना के आध्यात्मिक और संतुलित जीवनशैली की ओर इशारा करती है।
पंडित के पोस्ट से सामने आई जानकारी
इस हवन की जानकारी तब सामने आई, जब पंडित शिवम मांत्रे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अक्षय खन्ना के घर पूजा कराने का जिक्र किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि उन्हें अभिनेता के घर पारंपरिक पूजा संपन्न कराने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने अक्षय खन्ना के शांत, विनम्र स्वभाव और उनकी दमदार एक्टिंग की भी खुलकर तारीफ की। पंडित ने छावा से लेकर धुरंधर तक उनके अभिनय सफर का जिक्र करते हुए इसे यादगार बताया।