शनिवार, 11 अप्रैल 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. aamir khan rewrites climax junaid khan film ek din
Last Modified: गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 (15:43 IST)

बेटे जुनैद के लिए आमिर खान ने उठाई कलम, 'एक दिन' के क्लाइमेक्स को किया री-राइट

Aamir Khan
बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के बेटे जुनैद खान की अपकमिंग फिल्म 'एक दिन' को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस रोमांटिक ड्रामा से साई पल्लवी भी बॉलीवुड में कदम रखने जा रही है। जुनैद की पहली फिल्म 'महाराज' ओटीटी पर सफल रही, लेकिन उनकी अगली बड़ी थिएट्रिकल रिलीज 'एक दिन' को लेकर आमिर खान कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। 
 
हाल ही में फिल्म के सह-निर्माता मंसूर खान ने खुलासा किया कि आमिर खान ने फिल्म के क्लाइमेक्स को लेकर अपनी असहमति जताई थी, जिसके बाद उन्होंने उसे पूरी तरह से फिर से लिखा। यह फिल्म 2016 की सुपरहिट थाई फिल्म 'वन डे' (One Day) की आधिकारिक हिंदी रीमेक है। 
 
फिल्म की कहानी एक शर्मीले और सीधे-सादे लड़के रोहन (जुनैद खान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी सहकर्मी मीरा (साई पल्लवी) से एकतरफा प्यार करता है। एक ऑफिस ट्रिप के दौरान, मीरा की याददाश्त एक दिन के लिए चली जाती है। रोहन को अपना प्यार पाने के लिए सिर्फ 24 घंटे मिलते हैं, जहां वह खुद को उसका बॉयफ्रेंड बताता है। क्या यह एक दिन का प्यार उम्र भर का साथ बन पाएगा? यही फिल्म का मुख्य आकर्षण है।
 
मंसूर ने बताया कि आमिर खान फिल्म के हर पहलू पर पैनी नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा, जापान में फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान आमिर ने रशेस देखकर कहा था कि नायिका पिछले गाने में भी रो रही थी और इसमें भी, जिससे कहानी एकरस लग रही है। 
 
आमिर चाहते थे कि वहां एक ऐसा गाना हो जहां लड़की को फिर से लड़के से प्यार हो जाए। हालांकि, बाद में निर्देशक सुनील पांडे के विजन को देखकर आमिर सहमत हो गए, लेकिन क्लाइमेक्स के मामले में उन्होंने कोई समझौता नहीं किया और उसे खुद रीराइट किया।
 
फिल्म 'एक दिन' का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले किया जा रहा है, जिसमें मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित भी जुड़े हैं। यह फिल्म 2016 की थाई फिल्म 'वन डे' का हिंदी रीमेक है। फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
ये भी पढ़ें
कानूनी पंचड़े में फंसी 'धुरंधर 2', त्रिमूर्ति फिल्म्स ने इस वजह से दायर किया मुकदमा